कलेक्टर आशीष तिवारी के निर्देशन में जिला टास्क फोर्स की बड़ी कार्रवाई: अवैध उत्खनन, ओवरलोडिंग और बिना वैध ई-टीपी परिवहन पर कसा शिकंजा

जब्त वाहनों पर कलेक्टर न्यायालय में दर्ज होंगे प्रकरण, अभियान रहेगा लगातार जारी

(कटनी) जिले में खनिज माफियाओं के विरुद्ध प्रशासन ने एक बार फिर सख्त कार्रवाई करते हुए यह स्पष्ट संदेश दिया है कि अवैध उत्खनन, ओवरलोडिंग और बिना वैध दस्तावेजों के खनिज परिवहन को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। कलेक्टर आशीष तिवारी के स्पष्ट निर्देशों पर गठित जिला स्तरीय टास्क फोर्स ने मंगलवार देर रात जिले के विभिन्न संवेदनशील मार्गों पर विशेष चेकिंग अभियान चलाकर सात ओवरलोड एवं अवैध खनिज परिवहन कर रहे वाहनों को जब्त किया।

राजस्व, पुलिस एवं खनिज विभाग की संयुक्त टीमों ने देर रात तक अलग-अलग तहसीलों में एक साथ कार्रवाई करते हुए खनिज परिवहन करने वाले वाहनों की गहन जांच की। अभियान के दौरान बिना वैध ई-टीपी, निर्धारित सीमा से अधिक खनिज परिवहन तथा ओवरलोडिंग के मामलों पर त्वरित कार्रवाई करते हुए वाहनों को जब्त कर संबंधित थानों में सुरक्षित रखा गया।

कैमोर क्षेत्र में चूना पत्थर के अवैध परिवहन पर बड़ी कार्रवाई

सहायक खनिज अधिकारी पवन कुशवाहा एवं कमलकांत परस्ते के नेतृत्व में खनिज विभाग की टीम ने विजयाराघवगढ़ के कैमोर क्षेत्र में जांच के दौरान ई-टीपी की स्वीकृत सीमा से अधिक चूना पत्थर का परिवहन कर रहे दो भारी वाहनों को पकड़ा। दोनों वाहनों को तत्काल जब्त कर कैमोर थाना परिसर में खड़ा कराया गया।

बरही और विजयाराघवगढ़ में रेत के पांच ओवरलोड वाहन जब्त

एसडीएम विवेक गुप्ता एवं तहसीलदार आदित्य द्विवेदी के नेतृत्व में बरही क्षेत्र में तीन ओवरलोड रेत वाहनों पर कार्रवाई करते हुए उन्हें बहोरीबंद थाना पुलिस की अभिरक्षा में दिया गया। वहीं सिंगोड़ी के नायब तहसीलदार प्रेमलाल चौधरी द्वारा चलाए गए चेकिंग अभियान में रेत से भरे दो अन्य ओवरलोड वाहन पकड़े गए, जिन्हें विजयराघवगढ़ थाने में जब्त कराया गया।

कलेक्टर न्यायालय में होगी दंडात्मक कार्रवाई

जब्त किए गए सभी सात वाहनों के विरुद्ध मध्यप्रदेश खनिज नियमों के प्रावधानों के तहत प्रकरण तैयार किए जा रहे हैं। सभी मामलों को दंडात्मक कार्रवाई एवं जुर्माना अधिरोपित किए जाने के लिए कलेक्टर न्यायालय में पंजीबद्ध किया जाएगा।

जीरो टॉलरेंस नीति

जिले की खनिज संपदा के अवैध दोहन, ओवरलोडिंग तथा बिना वैध अनुमति के खनिज परिवहन के विरुद्ध जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई गई है। ऐसे मामलों में कठोरतम वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

राजस्व, पुलिस, खनिज एवं यातायात पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा यह विशेष अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा। जिले के प्रमुख मार्गों, खदान क्षेत्रों तथा ग्रामीण अंचलों में दिन-रात औचक निरीक्षण कर अवैध गतिविधियों में संलिप्त व्यक्तियों एवं वाहन मालिकों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन का उद्देश्य जिले की खनिज संपदा की सुरक्षा, वैध खनन व्यवस्था को मजबूत करना तथा कानून का सख्ती से पालन सुनिश्चित करना है।

Share this:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

यह भी देखें