शहरी क्षेत्र में चल रहे विकास के कार्यों को समयसीमा में किया जाय पूर्ण: विधायक रामलल्लू वैश्य –

Advertisement

( सिंगरौली )

    शहरी क्षेत्र में चल रहे विकास के कार्य एवं प्रधानमंत्री आवास निर्माण तथा प्राधिकरण द्वारा निर्मित किये जाने वाले कार्य समय सीमा के अंदर पूर्ण कराये जायें। उक्ताशय का वक्तव्य कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित नगर निगम एवं प्राधिकरण के विकास कार्यों की समीक्षा बैठक के दौरान सिंगरौली विधानसभा के विधायक रामलल्लू वैश्य के द्वारा व्यक्त किया गया।
विदित हो कि कलेक्ट्रेट सभागार में नगर निगम एवं प्राधिकरण के विकास कार्यों की समीक्षा बैठक सिंगरौली विधायक श्री रामलल्लू वैश्य एवं कलेक्टर श्री राजीव रंजन मीना के गरिमामयी उपस्थिति में आयोजित हुई। बैठक के दौरान विधायक श्री वैश्य ने गनियारी में निर्मित हो रहे प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत बचे हुए निर्माण कार्यों को पूर्ण करने तथा बीएलसी घटक के तहत आवास निर्माण हेतु जिन हितग्राहियों को राशि आवंटित की गयी है उसकी जानकारी ली गयी तथा मोरवा में आवास योजना के तहत एलआईजी एवं एमआईजी आवासों का प्रस्ताव शीघ्र तैयार करने के साथ-साथ जन कल्याणकारी योजना का लाभ हितग्राहियों को दिये जाने का निर्देश दिये गये।
बैठक के दौरान कलेक्टर श्री मीना के द्वारा नगर निगम आयुक्त को निर्देश दिये गये कि प्रधानमंत्री आवासों का जो शेष निर्माण कार्य चल रहे हैं उन्हें शीघ्र पूर्ण करें तथा बीएलसी घटक योजना के तहत आवास निर्माण हेतु जिन हितग्राहियों को राशि आवंटित की गयी है दिसम्बर माह तक पूर्ण कराया जाय। आवास निर्माण नहीं करने वाले हितग्राहियों से राशि वापसी करायी जाय। आगे उन्होंने शिवाजी काम्पलेक्स के बगल में रिक्त भूमि तथा ट्रामा सेंटर के पास, पुराने अस्पताल के पास निगम द्वारा निर्मित किये जाने वाले विकास कार्यों का प्लान तैयार करने के साथ-साथ मिनी स्मार्ट सिटी के तहत निर्मित होने वाले ट्रांसपोर्ट नगर एवं सड़क निर्माण के कार्य को शीघ्र प्रारंभ कराये जाने का निर्देश दिये। साथ ही तालाबों एवं पार्कों का सौंदर्यीकरण तथा 20 सड़कें 20 पार्क 20 तालाब के विकास कार्य जो किये जा रहे हैं उन्हें पूर्ण कराने का निर्देश दिया गया। बैठक में उपस्थित मुख्य कार्यपालन अधिकारी विकास प्राधिकरण को निर्देश दिये कि बरगवां में चल रहे आवास निर्माण का कार्य समय में पूर्ण हो तथा कलेक्ट्रेट के पास जो प्राधिकरण के विकास के लिए भूमि चिन्हित की गयी है निर्धारित प्लान के अनुसार कार्य प्रारंभ कराया जाय। वहीं एमपीआरडीसी के अधिकारी को निर्देश दिये गये कि परसौना से माजनमोड़ तक की सड़क निर्माण कार्य शीघ्र पूर्ण करायें। बैठक के पूर्व में नगर निगम के आयुक्त आरपी सिंह एवं उपखण्ड अधिकारी सह मुख्य कार्यपालन अधिकारी प्राधिकरण के ऋषि पवार के द्वारा अपने-अपने विभागों में चल रहे विकास कार्यों के संबंध में अवगत कराया गया। बैठक के दौरान नगर निगम के कार्यपालन यंत्री व्हीपी उपाध्याय, सहायक यंत्री आरके जैन, रत्नाकर गजभिये, सिद्धार्थ सिंह, संतोष पाण्डेय आदि उपस्थित रहे।
Share this:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

यह भी देखें