बाढ़ राहत एवं बचाव कार्य में संयुक्त अभियान चलायें – कलेक्टर

Advertisement

कटनी  प्रदेश में कई जिलों में अतिवर्षा के कारण उत्पन्न बाढ़ राहत और बचाव की समीक्षा तथा आगामी 48 घंटों के दौरान लगातार वर्षा की संभावना के दृष्टिगत राज्य शासन द्वारा दिये गये निर्देशों के क्रम में कलेक्टर शशिभूषण सिंह ने कटनी जिले के राजस्व और पुलिस अधिकारियों को प्राथमिकता के अनुसार बाढ़ राहत एवं बचाव की सभी तैयारियां सुनिश्चित रखने के निर्देश दिये हैं। इसके अनुसार बाढ़ राहत एवं बचाव कार्य में सम्मिलित राजस्व, पुलिस अधिकारियों, स्थानीय निकायों के अधिकारियों का चिन्हित इलाकों में संयुक्त अभियान तत्काल प्रभाव से चलाने के निर्देश दिये गये हैं।

            राहत के लिये कैम्पों की व्यवस्था, जिसमें सोशल डिस्टेन्सिंग, मास्क, सैनीटाईजर, शुद्ध पेयजल, भोजन का प्रबंध इत्यादि आवश्यक रुप से सुनिश्चित करने और संभावित बाढ़ से प्रभावित गांवों को खाली कराने के लिये मुनादी कराने एवं सुरक्षित स्थानों पर सभी को पहुंचाने के निर्देश दिये गये हैं। एसडीआरएफ, एनडीआरएफ की टीमों तथा स्थानीय स्तर पर उपलब्ध बचाव दल को सक्रिय किया जाये। वोट, लाईट जैकेट, टॉर्च, रस्से इत्यादि के इंतजाम करने के लिये भी कहा गया है। आम जनता से संपर्क स्थापित करने के लिये 24 घंटे कन्ट्रोल रुम चालू रखने के निर्देश दिये गये हैं और कहा गया है कि प्रयास किया जाये कोई जनहानि न हो। यातायात अवरुद्ध होने पर यातायात व्यवस्था को डायवर्ट करने के लिये आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिये गये हैं ताकि राष्ट्रीय राजमार्ग पर वाहनों की कतार न लगे। कृषि, पशुपालन विभाग के अमले को सक्रिय किया जाकर स्वास्थ्य विभाग के अमले को भी अलर्ट किया गया है। इस दौरान किसी भी अधिकारी, कर्मचारी को अवकाश पर जाने की अनुमति नहीं होगी।

अतिवर्षा एवं बाढ़ के समय सतर्क रहने की अपील

कलेक्टर शशिभूषण सिंह ने जिले में अतिवर्षा एवं बाढ़ की परिस्थितियों में नागरिकों से सतर्क रहने की अपील की है। उन्होने बरसात के समय नदी-नालों के उफान पर होने और पुलों तथा रपटों पर पानी के बहाव होने पर उनके समीप नहीं जाने की अपील की है। अतिवर्षा एवं बाढ़ की स्थिति में कच्चे घरों और जर्जर इमारतों के आस-पास भी सावधानी बरतने की सलाह दी है ताकि किसी प्रकार की जनहानि, पशुहानि नहीं हो।

Share this:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

यह भी देखें