समय-सीमा प्रकरणों की समीक्षा बैठक में कलेक्टर ने अधिकारियों को दिए निर्देश
(जबलपुर) कलेक्टर राघवेंद्र सिंह की अध्यक्षता में आज समय-सीमा प्रकरणों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में नगर निगम आयुक्त रामप्रकाश अहिरवार, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी अभिषेक गहलोत, अपर कलेक्टर नीता राठौर, रविशंकर राय, शैलेंद्र सिंह सहित सभी विभागों के जिला अधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक में कलेक्टर श्री सिंह ने विभागवार लंबित प्रकरणों और शिकायतों की समीक्षा की। साथ ही पीएम ई-बस के रूट पर चर्चा करते हुए संबंधित अधिकारियों से सुझाव लिए। उन्होंने सांदीपनि विद्यालयों में बच्चों के परिवहन की व्यवस्था की जानकारी लेते हुए शिक्षा विभाग को परिवहन विभाग के साथ समन्वय कर बच्चों की सुविधा और सुरक्षा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में बरगी बांध में पानी आवक में जानकारी ली तथा गेट खुलने की स्थिति पर निचले घाटों पर अलर्ट जारी करने तथा सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए। कलेक्टर श्री सिंह ने आयुष्मान कार्ड की लंबित स्थिति की समीक्षा कर पेंडेंसी दूर करने, मनरेगा में भुगतान की स्थिति सुधारने तथा एलबीसी नहरों में गाद हटाने की कार्यवाही के निर्देश दिए।
कलेक्टर श्री सिंह ने स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा करते हुए अस्पतालों में आवश्यक सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही डॉग बाइट की घटनाओं को लेकर भी आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने जिला अस्पताल में खराब एवं क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत कराने के निर्देश दिए तथा मेडिकल कॉलेज के रैन बसेरा में आवश्यक सुधार कार्य कराने के निर्देश दिए।
बैठक में संबल योजना और प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना की समीक्षा की गई। लंबित प्रकरणों का निराकरण करने के निर्देश दिए गए। उन्होंने ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियमों का पालन नहीं करने वाले पर हुई कार्यवाही एवं रजिस्ट्रेशन की जानकारी लेते हुए शेष जगहों पर जल्द ही रजिस्ट्रेशन कराने के निर्देश दिए।
कलेक्टर श्री सिंह ने आगामी शुक्रवार को मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान की तैयारियों की समीक्षा करते हुए प्राप्त शिकायतों का संतुष्टिपूर्ण निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किया कि नागरिकों से संबंधित शिकायतों और समय-सीमा के प्रकरणों का प्राथमिकता से निराकरण करें तथा किसी भी प्रकरण को अनावश्यक रूप से लंबित न रखें।
