जेईईमेन और नीट 2020 के लिए विद्यार्थियों को परीक्षा केंद्र तक आने जाने के लिए मिलेगी नि:शुल्क परिवहन सुविधा –
( हरदा )
शासन द्वारा प्रदेश के उन विद्यार्थियों के लिए महत्वपूर्ण कल्याणकारी निर्णय लिया है जो विद्यार्थी इस साल 1 सितम्बर से शुरू हो रही JEE mains और 13 september को होने वाली NEET की परीक्षा में सम्मिलित हो रहे हैं, इन विद्यार्थियों को कोरोना के कारण समस्या न हो, इस उद्देश्य से आने-जाने का नि:शुल्क परिवहन साधन उपलब्ध करवाया जाएगा। इच्छुक परीक्षार्थी सुविधा का लाभ लेने हेतु आज शाम 4 बजे तक CMHL 181 पर अथवा ई-पास पोर्टल अथवा हरदा कंट्रोल रूम के दूरभाष नम्बर 07577-225004 पर पंजीयन करा सकते हैं। इस प्रक्रिया में विद्यार्थियों को नाम, पता, मोबाइल नंबर, परीक्षा की दिनांक और स्थान (कहां से कहां) उल्लेख करना होगा। परीक्षार्थी यदि चाहे तो उसके एक सहयोगी को भी परीक्षा केंद्र तक आने-जाने के लिए दो तरफ की नि:शुल्क परिवहन सुविधा उपलब्ध करवाई जाएगी।विद्यार्थियों को यह सुविधा प्राप्त करने के लिए विकासखंड और जिला मुख्यालय में उपस्थित होना होगा। यहां से परीक्षा केंद्र तक आने-जाने के लिए सुविधा उपलब्ध करवाई जाएगी।
कलेक्टर श्री संजय गुप्ता ने इस हेतु जिला परियोजना समन्वयक अधिकारी एवं जिला शिक्षा अधिकारी को सम्पूर्ण व्यवस्था हेतु नोडल नियुक्त किया है। साथ ही जिला परिवहन अधिकारी हरदा को पंजीयन अनुसार परिवहन सुविधा उपलब्ध कराने हेतु निर्देशित किया गया है।
