निर्धारित कार्यक्रम से हटकर पीतल शिल्पकार के घर पहुंचे मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव

(टीकमगढ़)  मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के अंतर्गत टीकमगढ़ प्रवास पर आए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव पूर्व निर्धारित कार्यक्रम से हटकर रोरैया मोहल्ला पहुंचकर जिले के सुप्रसिद्ध पीतल शिल्पकार श्री लक्ष्मीनारायण सोनी के घर पहुंचे तथा उन्होंने पारंपरिक पीतल शिल्पकला की कार्यप्रणाली का अवलोकन कर शिल्पकार के कौशल की सराहना की।इससे पूर्व मुख्यमंत्री ने “उद्यम संवाद” कार्यक्रम में जिले के उद्यमियों, निवेशकों एवं स्टार्टअप प्रतिनिधियों से प्रत्यक्ष संवाद कर औद्योगिक विकास, निवेश संवर्धन तथा स्थानीय उद्योगों को प्रोत्साहन देने पर विस्तार से चर्चा की।रोरैया मोहल्ला स्थित शिल्पकार के आवास पर मुख्यमंत्री ने पीतल से निर्मित देवी-देवताओं की मूर्तियों एवं अन्य कलात्मक उत्पादों का अवलोकन किया।

उन्होंने कहा कि टीकमगढ़ की पीतल शिल्पकला प्रदेश की समृद्ध सांस्कृतिक एवं पारंपरिक विरासत का महत्वपूर्ण प्रतीक है तथा इसे राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान दिलाने के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे।मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने पीतल शिल्प उद्योग के समग्र विकास के लिए एमएसएमई विभाग द्वारा भारत सरकार की एमएसई-सीडीपी योजना अंतर्गत ग्राम धरमपुरा, तहसील टीकमगढ़ में लगभग 1099 लाख रुपये की लागत से प्रस्तावित नवीन औद्योगिक क्षेत्र के त्वरित विकास हेतु मुख्य सचिव एवं संबंधित विभागीय अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि इस परियोजना से स्थानीय शिल्पकारों को आधुनिक सुविधाएं, बेहतर विपणन अवसर एवं रोजगार के नए आयाम प्राप्त होंगे।इस अवसर पर मध्यप्रदेश शासन की पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक कल्याण और विमुक्त, घुमक्कड़ एवं अर्द्ध-घुमक्कड़ कल्याण विभाग की राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) तथा टीकमगढ़ जिले की प्रभारी मंत्री श्रीमती कृष्णा गौर, जतारा विधायक श्री हरिशंकर खटीक, श्रीमती सरोज राजपूत, पूर्व विधायक टीकमगढ़ श्री राकेश गिरि गोस्वामी, पूर्व विधायक पृथ्वीपुर डॉ. शिशुपाल सिंह यादव, श्री अजय यादव, इंजी. अभय सिंह यादव सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। प्रशासन की ओर से कलेक्टर श्री विवेक श्रोत्रिय एवं पुलिस अधीक्षक श्री सुधीर अग्रवाल सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Share this:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

यह भी देखें