मैहर के विकास को मिली नई उड़ान: मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने खोला विकास का पिटारा, विधायक श्रीकांत चतुर्वेदी ने जताया आभार
मैहर। RPKP INDIA NEWS
मैहर की पावन धरा पर 19 अगस्त का दिन विकास, आस्था और जनविश्वास के एक ऐतिहासिक अध्याय के रूप में दर्ज हुआ। मध्यप्रदेश के यशस्वी मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के मैहर आगमन पर मां शारदा की नगरी ने आत्मीय स्वागत एवं अभिनंदन के साथ उनका अभिनंदन किया। इस अवसर पर मैहर के लोकप्रिय विधायक श्रीकांत चतुर्वेदी ने मैहर के सर्वांगीण विकास से जुड़ी विभिन्न मांगों को मुख्यमंत्री के समक्ष रखा, जिन्हें मुख्यमंत्री ने सहजता एवं सकारात्मकता के साथ स्वीकार करते हुए अनेक विकास कार्यों की घोषणा की।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने अपने मैहर प्रवास की शुरुआत मां शारदा के दर्शन एवं पूजन-अर्चन से की। मां शारदा मंदिर में प्रधान पुजारी पवन पांडेय महाराज एवं वरिष्ठ पुजारी तथा भाजपा नेता रमेश कुमार पांडेय ‘बम-बम महाराज’ द्वारा विधि-विधान से पूजन एवं आरती संपन्न कराई गई। मां शारदा के चरणों में प्रदेश एवं मैहर के सुख, समृद्धि और विकास की कामना के पश्चात मुख्यमंत्री उस्ताद अलाउद्दीन खां खेल मैदान में आयोजित भव्य कार्यक्रम में पहुंचे, जहां उनका जोरदार स्वागत, वंदन एवं अभिनंदन किया गया।
कार्यक्रम में प्रभारी मंत्री राधा सिंह, सांसद गणेश सिंह, विधायक श्रीकांत चतुर्वेदी, प्रतिमा बागरी, भाजपा जिला अध्यक्ष कमलेश सुहाने, मैहर संगठन प्रभारी डॉ. नंदिता पाठक सहित सतना जिले के विधायकगण, भाजपा पदाधिकारी, जिला प्रशासन की कलेक्टर श्रीमती विदिशा मुखर्जी, विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

मुख्यमंत्री ने स्वीकार की मैहर विधायक की विकास संबंधी मांगें
मैहर विधायक श्रीकांत चतुर्वेदी ने मैहर जिले के विकास से संबंधित विभिन्न महत्वपूर्ण मांगों को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के समक्ष रखा। मुख्यमंत्री ने विधायक की मांगों को गंभीरता से लेते हुए उन्हें स्वीकार किया और कई विकास कार्यों की घोषणा की। इस अवसर पर सतना सांसद गणेश सिंह द्वारा मुकुंदपुर सहित क्षेत्र से संबंधित मांगें भी मुख्यमंत्री के समक्ष रखी गईं, जिन पर मुख्यमंत्री ने सकारात्मक निर्णय लेते हुए उन्हें पूरा करने की घोषणा की। मां शारदा लोक सहित पूर्व निर्धारित विकास कार्यों के लिए भूमि पूजन एवं शिलान्यास भी किया गया। इससे मैहर के धार्मिक, सांस्कृतिक एवं पर्यटन विकास को नई दिशा मिलने की उम्मीद मजबूत हुई है।
लाड़ली बहनों को रक्षाबंधन की सौगात
रक्षाबंधन के पावन अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने प्रदेश की लाड़ली बहनों के खातों में ₹1,750 की उपहार राशि सिंगल क्लिक के माध्यम से प्रदान की। मैहर में आयोजित कार्यक्रम में लाड़ली बहनों से राखी बंधवाकर मुख्यमंत्री ने भाई-बहन के स्नेह और सामाजिक समरसता का संदेश भी दिया।

कार्यक्रम में विभिन्न विभागों द्वारा विकास कार्यों एवं जनकल्याणकारी योजनाओं पर आधारित प्रदर्शनी लगाई गई। इसके साथ ही आल्हा गायन तथा अन्य सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम में बुंदेली लोक संस्कृति की अनुपम छटा बिखेरी।
“मैहर विधायक एक उंगली पकड़ते-पकड़ते हाथ ही पकड़ लेते हैं”
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मैहर विधायक श्रीकांत चतुर्वेदी की कार्यशैली की सराहना करते हुए कहा कि जब भी विधायक उनके पास आते हैं तो केवल एक-दो विकास कार्यों की बात नहीं करते, बल्कि मैहर के संपूर्ण विकास का विषय लेकर आते हैं। मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में विधायक की सक्रियता और मैहर के विकास के प्रति उनकी प्रतिबद्धता को रेखांकित करते हुए कहा कि वे एक उंगली पकड़ते-पकड़ते पूरा हाथ ही पकड़ लेते हैं।
मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि मां शारदा की पावन धरा पर सेवा और विकास का अवसर मिलना उनके लिए सौभाग्य की बात है। मैहर के विकास में किसी भी प्रकार की कमी नहीं रहने दी जाएगी और आने वाले समय में मैहर विकास की नई इबारत लिखेगा।
मैहर में नर्मदा जल पहुंचाने की दिशा में बड़ा भरोसा
मैहर के विकास से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों में नर्मदा जल की उपलब्धता भी प्रमुख है। मुख्यमंत्री द्वारा मैहर में नर्मदा जल पहुंचाने की बात कही गई, जिससे क्षेत्र की जनता में नई उम्मीद और उत्साह का संचार हुआ है। यदि यह योजना मूर्त रूप लेती है तो पेयजल एवं जलापूर्ति के क्षेत्र में मैहर के लिए यह महत्वपूर्ण उपलब्धि साबित होगी।
विकास के साथ धार्मिक और सांस्कृतिक पहचान को मजबूती
मैहर केवल एक जिला नहीं, बल्कि मां शारदा की आस्था, संगीत साधना और बुंदेली संस्कृति की विशिष्ट पहचान वाला क्षेत्र है। मां शारदा धाम, उस्ताद अलाउद्दीन खां की संगीत परंपरा और आल्हा-ऊदल की गौरवशाली लोकगाथा मैहर की सांस्कृतिक पहचान को विशेष बनाती है। मुख्यमंत्री के कार्यक्रम में इन धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयामों को सम्मान मिलना क्षेत्रवासियों के लिए गौरव का विषय रहा।
जगह-जगह हुआ आत्मीय स्वागत
मुख्यमंत्री के मैहर आगमन के दौरान रोपवे क्षेत्र, हेलीपैड, विवेकानंद चौक देवी जी पर युवा मोर्चा नेता प्रिंस शर्मा द्वारा, गायत्री मंदिर के समीप माई की रसोई के संचालक धीरज पांडेय सौराज पांडेय द्वारा,तथा सड़क मार्ग पर जगह जगह भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं एवं स्नेहीजनों द्वारा आत्मीय स्वागत एवं अभिनंदन किया गया।कार्यकर्ताओं एवं आम नागरिकों का उत्साह देखते ही बना। शहर से लेकर ग्रामीण अंचलों तक मुख्यमंत्री के स्वागत को लेकर लोगों में विशेष उत्साह दिखाई दिया।मैहर विधायक श्रीकांत चतुर्वेदी द्वारा अपने कार्यकाल के दौरान किए गए विकास कार्यों को “दो साल बेमिसाल” पुस्तक के माध्यम से सार्वजनिक करना भी उनकी विकास-केंद्रित कार्यशैली का एक उल्लेखनीय प्रयास बताया गया।
विधायक श्रीकांत चतुर्वेदी ने जताया आभार
मैहर विधायक श्रीकांत चतुर्वेदी ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के प्रति मैहर की समस्त जनता की ओर से हृदय से आभार व्यक्त करते हुए कहा कि मैहर के विकास के लिए मुख्यमंत्री द्वारा जिस उदारता एवं सकारात्मक सोच के साथ मांगों को स्वीकार किया गया है, उससे आने वाले समय में मैहर को विकास की नई ऊंचाइयां प्राप्त होंगी।उन्होंने मैहर भाजपा जिला संगठन, प्रभारी मंत्री, संगठन प्रभारी, सांसद, जिला प्रशासन, विभिन्न विभागों, लाड़ली बहनों, स्व-सहायता समूहों, पार्टी कार्यकर्ताओं, शहर एवं ग्रामीण क्षेत्र से कार्यक्रम में पहुंचे देवतुल्य नागरिकों तथा पत्रकार एवं कलमकार साथियों के प्रति भी सादर साधुवाद एवं आभार व्यक्त किया।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का सावन के इस पवित्र माह में मैहर आगमन केवल एक सरकारी कार्यक्रम नहीं, बल्कि आस्था, विकास, संस्कृति और जनभागीदारी का संगम बन गया। मां शारदा की पावन धरा पर विकास की जिन नई संभावनाओं का संकल्प लिया गया है, वे आने वाले समय में मैहर की तस्वीर और तकदीर बदलने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती हैं। मैहर की जनता की यही अपेक्षा है कि घोषित विकास कार्य शीघ्र धरातल पर उतरें और मां शारदा की नगरी शिक्षा, संस्कृति, धार्मिक पर्यटन, रोजगार, आधारभूत सुविधाओं एवं आधुनिक विकास के क्षेत्र में प्रदेश के अग्रणी जिलों में अपनी पहचान स्थापित करे।मैहर के विकास की इस नई यात्रा में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव एवं मैहर विधायक श्रीकांत चतुर्वेदी सहित सभी जनप्रतिनिधियों, भाजपा संगठन, जिला प्रशासन एवं मैहर की जागरूक जनता का योगदान निश्चित रूप से महत्वपूर्ण रहेगा।
