प्रदेश कार्यसमिति में भाजपा ने 2028 का चुनावी रोडमैप बनाया, लेकिन जनता पूछ रही है—2026 में मध्य प्रदेश कैसे बचेगा? : जीतू पटवारी
भोपाल। RPKP INDIA NEWS
मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष श्री जीतू पटवारी ने भाजपा की प्रदेश कार्यसमिति की बैठक पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि प्रदेश की जनता आज भाजपा से अपने वर्तमान का हिसाब मांग रही है, लेकिन भाजपा भविष्य के चुनाव की रणनीति बनाने में व्यस्त है। भाजपा की प्रदेश कार्यसमिति ने 2028 का चुनाव कैसे लड़ना है, इसका रोडमैप तो बना लिया, लेकिन प्रदेश की जनता पूछ रही है कि 2026 में मध्य प्रदेश को कैसे बचाया जाएगा?
श्री पटवारी ने कहा कि मध्य प्रदेश की जनता महंगाई, बेरोजगारी, बढ़ते कर्ज, अपराध, भ्रष्टाचार और किसान संकट से परेशान है। प्रदेश की वास्तविक समस्याओं पर गंभीर चर्चा और समाधान की बजाय भाजपा की पूरी चिंता सत्ता में बने रहने और अगले चुनाव की तैयारी करने पर केंद्रित दिखाई देती है।
उन्होंने कहा कि प्रदेशवासियों की ओर से भाजपा से कुछ सीधे सवाल हैं”
कर्ज लगातार बढ़ रहा है, तो भाजपा सरकार का समाधान क्या है? मध्य प्रदेश पर बढ़ते कर्ज का बोझ आने वाली पीढ़ियों पर पड़ रहा है। सरकार बताए कि कर्ज लेकर प्रदेश को चलाने की नीति कब तक जारी रहेगी?
अपराध बढ़ रहे हैं, तो कानून-व्यवस्था पर आत्ममंथन क्यों नहीं? प्रदेश में आम नागरिक, महिलाएं और युवा सुरक्षा को लेकर चिंतित हैं। भाजपा की कार्यसमिति में कानून-व्यवस्था की स्थिति पर गंभीर चर्चा क्यों नहीं हुई?
करप्शन और कमीशनखोरी के आरोपों पर भाजपा का मौन क्यों है? सरकार और व्यवस्था में भ्रष्टाचार को लेकर लगातार सवाल उठ रहे हैं, लेकिन भाजपा नेतृत्व इन सवालों का जवाब देने की बजाय चुप्पी साधे हुए है।
युवा नौकरी मांग रहा है और भाजपा बेशर्मी से Gen-Z से वोट मांग रही है। श्री पटवारी ने कहा कि युवाओं को रोजगार, भर्ती और सुरक्षित भविष्य चाहिए। भाजपा को चुनाव में युवाओं से वोट मांगने से पहले यह बताना चाहिए कि उनके रोजगार के लिए उसने क्या किया?
मध्य प्रदेश का किसान संकट में है, लेकिन उसकी आय, फसल और लागत पर चर्चा क्यों नहीं? किसान बढ़ती लागत, फसल के उचित दाम और बाजार की अनिश्चितता से परेशान है। भाजपा की कार्यसमिति में किसान की वास्तविक समस्याओं और उसकी आय बढ़ाने की ठोस योजना पर चर्चा क्यों नहीं हुई?
श्री पटवारी ने कहा कि महिलाएं सुरक्षा मांग रही हैं, लेकिन भाजपा उनकी सुरक्षा पर संकल्प क्यों नहीं लेती? प्रदेश की आधी आबादी को सुरक्षित वातावरण देना सरकार की पहली जिम्मेदारी है। लेकिन भाजपा की प्राथमिकताओं में महिला सुरक्षा कहां है, यह प्रदेश की जनता जानना चाहती है।
उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश की जनता परेशान है, लेकिन भाजपा सत्ता के अगले चुनाव की तैयारियों में जुटी है। प्रदेश की जनता आज पूछ रही है कि भाजपा को 2028 की इतनी चिंता क्यों है, जब मध्य प्रदेश के सामने 2026 में ही इतने गंभीर संकट खड़े हैं?
श्री पटवारी ने कहा कि भाजपा को चुनावी रणनीति और सत्ता की चिंता करने से पहले प्रदेश की जनता के सवालों का जवाब देना चाहिए। जनता पूछ रही है—कर्ज से राहत कब मिलेगी? युवाओं को रोजगार कब मिलेगा? किसानों की आय कब बढ़ेगी? महिलाओं को सुरक्षा कब मिलेगी? अपराध और भ्रष्टाचार पर लगाम कब लगेगी?
उन्होंने कहा कि भाजपा की कार्यसमिति ने 2028 का चुनाव कैसे लड़ना है, यह तय कर लिया होगा, लेकिन मध्य प्रदेश की जनता आज भी पूछ रही है—2026 में प्रदेश कैसे बचेगा?
मध्य प्रदेश की जनता को चुनावी रोडमैप नहीं, अपने वर्तमान और भविष्य की सुरक्षा चाहिए।
