17 सितम्बर से 17 अक्टूबर तक चलेगा ‘सेवा संकल्प अभियान’ जनसेवा, जनभागीदारी और शासन की योजनाओं से पात्र हितग्राहियों को जोड़ने पर रहेगा जोर जिले में 13 प्रमुख गतिविधियां होंगी, ग्रामीण व नगरीय क्षेत्रों के लिए नोडल अधिकारी नियुक्त

(कटनी)  जिले में जनसेवा, जनभागीदारी, स्वच्छता, सामाजिक सहभागिता तथा शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का प्रभावी प्रचार-प्रसार करते हुए पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ दिलाने के उद्देश्य से ‘सेवा संकल्प अभियान’ का आयोजन 17 सितम्बर से 17 अक्टूबर 2026 तक किया जाएगा। कलेक्टर श्री आशीष तिवारी ने जिले में अभियान के प्रभावी, सुव्यवस्थित, समयबद्ध एवं परिणामोन्मुखी क्रियान्वयन के लिए विस्तृत दिशा-निर्देश जारी करते हुए विभिन्न गतिविधियों के लिए नोडल अधिकारियों की जिम्मेदारी निर्धारित की है।

अभियान के माध्यम से नागरिकों को सेवा एवं विकसित भारत के संकल्प से जोड़ने के साथ जनप्रतिनिधियों, सामाजिक एवं स्वयंसेवी संस्थाओं, शैक्षणिक संस्थाओं, युवाओं, महिलाओं, स्वयं सहायता समूहों, वरिष्ठ नागरिकों तथा सामाजिक एवं आध्यात्मिक संगठनों की अधिकाधिक सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी। ग्रामीण और नगरीय क्षेत्रों के लिए नोडल अधिकारी निर्धारितकलेक्टर श्री तिवारी द्वारा जारी आदेश के अनुसार जिले के ग्रामीण क्षेत्र के लिए जिला पंचायत कटनी सीईओ सुश्री हरसिमरनप्रीत कौर जबकि नगरीय क्षेत्र के लिए नगर पालिक निगम कटनी की आयुक्त तपस्‍या परिहार तथा नगर परिषद क्षेत्रों के लिए संबंधित मुख्य नगर पालिका अधिकारी को नोडल अधिकारी बनाया गया है। ग्राम पंचायत स्तर पर आयोजित होने वाले कार्यक्रमों की आवश्यक व्यवस्थाओं और सुचारू संचालन के लिए अनुभाग स्तर पर अनुविभागीय अधिकारी राजस्व तथा मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत उत्तरदायी रहेंगे। अभियान के दौरान गतिविधियों के कैलेण्डर, प्रगति की मॉनीटरिंग एवं समीक्षा के लिए जिला प्रबंधक, लोक सेवा प्रबंधन श्री दिनेश विश्वकर्मा को जिला स्तरीय नोडल अधिकारी बनाया गया है।

जिले के सभी विभाग प्रमुख निर्धारित कैलेण्डर के अनुसार संबंधित गतिविधियों का सफल क्रियान्वयन सुनिश्चित करेंगे। 17 सितम्बर को ‘आशीर्वाद का दीया’ से होगी शुरुआत‘सेवा संकल्प अभियान’ का जिला स्तरीय शुभारंभ 17 सितम्बर को नगर निगम क्षेत्र के कटायेघाट में ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम के साथ किया जाएगा। इसी दिन जिले की सभी ग्राम पंचायतों और वार्ड स्तर पर भी कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इस गतिविधि के लिए आयुक्त नगर निगम तथा समस्त जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारी नोडल अधिकारी रहेंगे और सभी विभाग सहभागिता करेंगे। अभियान में होंगी 13 प्रमुख गतिविधियांअभियान के दौरान जिले में विभिन्न क्षेत्रों से जुड़ी 13 प्रमुख गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। इनमें ‘सेवा चित्र’ के तहत राष्ट्रव्यापी ड्राइंग एवं भाषण प्रतियोगिता 17 सितम्बर से 7 अक्टूबर तक होगी। इसका दायित्व प्राचार्य, तिलक महाविद्यालय को दिया गया है। इसी तरह ‘सेवा स्‍मरण’ के तहत संगीतमय नाट्य प्रस्तुतियां 17 सितम्बर से 2 अक्टूबर तक आयोजित की जाएंगी। इसकी जिम्मेदारी उपसंचालक, सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन विभाग को दी गई है।

इसमें आनंदम विभाग, जन अभियान परिषद, प्राचार्य तिलक कॉलेज तथा डीईओ सहयोग करेंगे। ‘आंगन का मिलन’ गतिविधि 25 सितम्बर से 7 अक्टूबर तक महिला एवं बाल विकास विभाग के नेतृत्व में आयोजित होगी।इसके अलावा ‘सेवा ज्योति यात्रा’, ‘वडनगर से वाराणसी-जल, जन और सेवा संकल्प यात्रा’, ‘सेवा मेरा योगदान’, ‘सेवा सेतु अभियान-सरकार आपके द्वार’, ‘सेवा के रंग’, ‘हैकाथॉन और इनोवेशन चैलेंज’, ‘जनसेवक महाकुंभ-पंचायत से पार्लियामेंट’ तथा ‘25 साल, 25 कहानियां जैसी गतिविधियां भी आयोजित की जाएंगी।

15 सितम्बर तक तैयार करना होगा गतिविधियों का कैलेण्डरकलेक्टर श्री तिवारी ने सभी संबंधित नोडल अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि गतिविधियों के आयोजन के संबंध में शिविर एवं स्थानवार कैलेण्डर 15 सितम्बर 2026 तक जिला प्रबंधक, लोक सेवा प्रबंधन को उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें। उन्होंने स्पष्ट किया है कि अभियान के क्रियान्वयन में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरती जाए। कलेक्टर ने अभियान को व्यापक जनसहभागिता के साथ संचालित करने के निर्देश दिए हैं, ताकि जिले के अधिकाधिक नागरिक शासन की योजनाओं, सेवाओं और जनकल्याणकारी गतिविधियों से जुड़ सकें तथा ‘सेवा और विकसित भारत’ के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाया जा सके।

Share this:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

यह भी देखें