प्रधानमंत्री जी की योजनाओं से मध्यप्रदेश को सर्वाधिक लाभ मिला है : मुख्यमंत्री, सेवा संकल्प अभियान की हर गतिविधि का व्यापक प्रचार-प्रसार करें : मुख्यमंत्री
केंद्र सरकार की योजनाओं से निर्मित बड़े कार्यों एवं हितग्राहियों के घरों में जलेंगे आशीर्वाद के दीप
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने सोमवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से कमिश्नर्स एवं कलेक्टर्स को सेवा संकल्प अभियान की तैयारियों के संबंध में निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अभियान का शुभारंभ 17 सितंबर को विभिन्न कार्यक्रमों के साथ होगा। प्रधानमंत्री जी के जन्मदिन पर केंद्र सरकार की योजनाओं से निर्मित बड़े निर्माण कार्यों तथा योजनाओं से लाभान्वित हितग्राहियों के घरों में आशीर्वाद के दीप जलाए जाएंगे। प्रत्येक ग्राम पंचायत में कम से कम 500 दीपक जलाने की व्यवस्था की जाए। इसी दिन रक्तदान शिविर भी आयोजित किए जाएंगे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि अभियान को सफल बनाने के लिए अधिकारी निर्धारित कार्ययोजना के अनुसार सभी तैयारियां समय पर पूर्ण करें। अभियान में जनप्रतिनिधियों की भी पूरी भागीदारी सुनिश्चित की जाए। कलेक्टर जिले के प्रभारी मंत्री से परामर्श कर अभियान के दौरान आयोजित होने वाली गतिविधियों को अंतिम रूप दें। अभियान की प्रत्येक गतिविधि का व्यापक प्रचार-प्रसार कराने के साथ ही वीडियो, फोटो एवं अन्य जानकारी पोर्टल पर अपलोड करने के लिए अलग टीम तैनात की जाए। उन्होंने बताया कि उज्जैन में क्षिप्रा नदी के तट पर 26 लाख से अधिक दीपक जलाए जाएंगे, जिसकी तैयारियां सुनिश्चित की जाएं।
मुख्यमंत्री ने बताया कि अभियान के दौरान ‘मेरे सपनों का भारत’ विषय पर सभी स्कूलों एवं कॉलेजों में पेंटिंग एवं भाषण प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। इनका आयोजन 19 से 26 सितंबर तक होगा तथा विजेताओं को जिला स्तर पर पुरस्कृत किया जाएगा। 26 सितंबर से प्रत्येक आंगनवाड़ी केंद्र में आंगन मिलन सेवा आयोजित की जाएगी। इसमें महिलाओं एवं बच्चों के स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने के साथ लाभान्वित महिलाओं को सम्मानित किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि अभियान के दौरान विकास कार्यों एवं हितग्राहियों की सफलता की कहानियों को लगातार अपलोड किया जाए। विभागीय अधिकारी जनसंपर्क विभाग के माध्यम से सफलता की कहानियों का प्रकाशन भी सुनिश्चित करें। सेवा ज्योति कलश यात्रा 7 अक्टूबर को प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में निकाली जाएगी। यात्रा का समापन जिला मुख्यालय पर होगा, जहां मंचीय कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
मुख्यमंत्री ने बताया कि 2 से 10 अक्टूबर तक ‘सेवा में मेरा योगदान सप्ताह’ आयोजित किया जाएगा। इसमें चिन्हित 25 गतिविधियों में से प्रत्येक जिले में कम से कम 10 गतिविधियां आयोजित की जाएं। इसी अवधि में ग्राम पंचायत स्तर पर सेवा सेतु अभियान भी आयोजित किया जाएगा। सेवा संकल्प अभियान के अंतिम दिन 17 अक्टूबर को दिल्ली में पंचायत प्रतिनिधियों का सम्मेलन आयोजित होगा, जिसमें प्रदेशभर से पंचायत पदाधिकारी शामिल होंगे। उन्होंने सम्मेलन में शामिल होने वाले पंचायत पदाधिकारियों की सूची तैयार कर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत आयोजित होने वाली विभिन्न गतिविधियों की तैयारियों एवं व्यवस्थाओं के संबंध में विस्तार से निर्देश दिए गए। इस अवसर पर मंत्रीगण, मुख्य सचिव एवं अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
कलेक्टर कार्यालय से कलेक्टर विकास मिश्रा एवं अन्य अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में शामिल हुए।
