प्रधानमंत्री श्री मोदी के जन्म दिन पर जगमगाएगा कटनी घर-आंगन सहित प्रमुख स्थलों में जलेंगे साढ़े पांच लाख दीपक
(कटनी) प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के 25 वर्षों की सार्वजनिक सेवा, सुशासन और राष्ट्र निर्माण में योगदान के सम्मान में उनके जन्मदिवस 17 सितंबर की शाम 7 बजे कटनी जिले में भव्य दीप प्रज्ज्वलन कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इस अवसर पर जिले भर में 5 लाख 51 हजार से अधिक दीप प्रज्ज्वलित कर प्रधानमंत्री श्री मोदी के गरीबों, किसानों और युवाओं के कल्याण तथा विकास के लिए किए गए कार्यों और सुशासन के प्रति जन-आभार व्यक्त किया जाएगा। कलेक्टर श्री आशीष तिवारी ने बताया कि 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक आयोजित होने वाले ‘सेवा से संकल्प अभियान’ के अंतर्गत जिले में विभिन्न जनसेवा, जागरूकता, सहभागिता एवं रचनात्मक गतिविधियां आयोजित की जायेंगी।
संकल्प सेवा अभियान के दौरान 17 सितंबर दिन गुरुवार को शाम 7 बजे जिले की ग्राम पंचायतों व नगरीय निकाय के वार्डों के अलावा सभी में प्रमुख स्थलों सहित हितग्राही मूलक योजनाओं के हितग्राही भी अपने घर-आंगन में आशीर्वाद का दीया जलाएंगे। मुख्य रूप से कटनी शहर के प्रेमनगर में प्रधामंत्री आवास योजना शहरी, घंटाघर, माधवनगर, मोहनघाट, कटनी नदी, बहोरीबंद के रूपनाथ धाम, रीठी के मुहास मंदिर परिसर, बरही के विजयनाथ धाम, विजयराघवगढ़ किला, बिलहरी स्थित लक्ष्मण सागर तालाब, बड़वारा के हनुमान तालाब, विष्णुवराह कारीतलाई, विरासन माता कचनारी, भौगोलिक केन्द्र बिन्दु करौंदी आदि स्थलों में जनप्रतिनिधियों, आमजन और हितग्राहियों की सामूहिक सहभागिता से आशीर्वाद का दीया जलाने का कार्यक्रम संपन्न होगा।
जिले में ऐसे 151 स्थलों का चयन किया गया है जहां आशीर्वाद के दीपक जलाए जाएंगे।एक साथ जगमगाएंगे 5 लाख से अधिक दीप सेवा से संकल्प अभियान के अंतर्गत जिले में 17 सितंबर को शाम 7 बजे भव्य दीप प्रज्वलन कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। जिलेभर में इस आयोजन को उत्सवी स्वरूप प्रदान करने के लिए व्यापक तैयारियां की गई हैं। अभियान के दौरान सार्वजनिक स्थलों के साथ-साथ घरों में भी दीप प्रज्वलित किए जाएंगे।
दीप प्रज्वलन कार्यक्रम में नागरिकों एवं विभिन्न संस्थाओं की व्यापक सहभागिता रहेगी। आयोजन में लाखों नागरिकों तथा 21 संस्थाओं की सहभागिता रहेगी।42 ऐतिहासिक एवं प्रमुख स्थलों पर होंगे विशेष आयोजन दीप प्रज्वलन के लिए जिले में 42 ऐतिहासिक स्थलों, प्रमुख सार्वजनिक स्थलों तथा विगत 12 वर्षों में प्रधानमंत्री के कार्यकाल से जुड़ी उपलब्धियों के स्थलों को चिन्हित किया गया है। इन स्थलों पर विशेष रूप से दीप प्रज्वलित कर जिले की जनभागीदारी और उत्सवी वातावरण को भव्य स्वरूप प्रदान किया जाएगा। सेवा से संकल्प अभियान के तहत आयोजित यह दीप प्रज्वलन कार्यक्रम जनभागीदारी, सेवा भावना और उपलब्धियों के प्रति जन-आभार की सामूहिक अभिव्यक्ति बनेगा।
‘मेरे सपनों का भारत’—चित्रकला एवं भाषण प्रतियोगिता में दिखेगी विद्यार्थियों की कल्पनाशक्ति ‘सेवा से संकल्प अभियान’ के अंतर्गत जिले में ‘मेरे सपनों का भारत’ विषय पर चित्रकला एवं भाषण प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। 19 सितंबर से 26 सितंबर तक आयोजित होने वाली इन प्रतियोगिताओं में जिले के सभी शासकीय एवं निजी विद्यालयों के विद्यार्थी उत्साहपूर्वक सहभागिता करेंगे।
प्रतियोगिताओं के माध्यम से विद्यार्थियों को भारत के उज्ज्वल भविष्य, विकास, नवाचार, सुशासन और राष्ट्र निर्माण को लेकर अपने विचारों एवं कल्पनाओं को रचनात्मक रूप से अभिव्यक्त करने का अवसर मिलेगा। चित्रकला के माध्यम से विद्यार्थी अपने सपनों के भारत की तस्वीर उकेरेंगे, वहीं भाषण प्रतियोगिता में अपने विचारों और संकल्पों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करेंगे।
