जनसुनवाई में कलेक्टर श्री तिवारी ने सुनीं 207 आवेदकों की समस्याएं अधिकारियों को समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण एवं संतोषजनक निराकरण के दिए निर्देश

(कटनी) कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में मंगलवार को आयोजित जनसुनवाई में कलेक्टर श्री आशीष तिवारी ने जिले के दूर-दराज क्षेत्रों से पहुंचे 207 आवेदकों की समस्याएं सुनीं। उन्होंने प्रत्येक आवेदक की बात गंभीरता, संवेदनशीलता और धैर्यपूर्वक सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को प्रकरणों का तथ्यात्मक परीक्षण कर समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण एवं संतोषजनक निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

जनसुनवाई में समग्र आईडी, भूमि विवाद, राशन, विद्युत बिल, किसान सम्मान निधि, हाट बाजार में स्थान आवंटन तथा भूमि पर कब्जे सहित विभिन्न समस्याओं से संबंधित आवेदन प्राप्त हुए। इस दौरान जिला पंचायत सीईओ सुश्री हरसिमरनप्रीत कौर, एसडीएम कटनी श्री जितेन्द्र पटेल, डिप्टी कलेक्टर श्री प्रमोद चतुर्वेदी सहित विभिन्न विभागों के जिला अधिकारी उपस्थित रहे।

जनसुनवाई में ग्राम सिनगौड़ी निवासी शिव कुमार सेन ने किसान सम्मान निधि योजना का लाभ दिलाने की मांग की। वहीं मुड़वारा, कटनी निवासी नश्बद भुमिया ने विद्युत बिल में अधिक राशि आने की शिकायत करते हुए मीटर की जांच कराने और बिल में आवश्यक सुधार किए जाने का आवेदन दिया।

इसी प्रकार ग्राम हर्रैया निवासी आलोक कुमार सोनी ने ग्राम में लगने वाले हाट बाजार में दुकान लगाने के लिए स्थान आवंटित कराने की मांग की। ग्राम छपरा निवासी रामजी कलार ने आवेदन प्रस्तुत कर बताया कि भूमि का विक्रय पत्र पंजीकृत कराने के बाद मौके पर किसी अन्य व्यक्ति का कब्जा मिला है। उन्होंने भूमि के लिए भुगतान की गई राशि एवं अन्य खर्च वापस दिलाने तथा मामले की जांच कराने का आवेदन दिया।जबकि ग्राम बड़खेरा निवासी अरविन्द कुमार लोधी ने अपनी पुत्री अंशिका लोधी की समग्र आईडी को अपने पिता की समग्र आईडी से डी-लिंक कराने का आवेदन दिया। इसी प्रकार बड़खेरा निवासी संतोष कौल ने पात्रता पर्ची जारी कराने की मांग की।

कलेक्टर श्री तिवारी ने संबंधित अधिकारियों को प्राप्त सभी आवेदनों का परीक्षण कर नियमानुसार समय-सीमा में निराकरण करने तथा आवेदकों को संतोषजनक समाधान उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

Share this:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

यह भी देखें