मध्यप्रदेश में जल्द होंगे 10 एयरपोर्ट, सभी 230 विधानसभा क्षेत्रों में बनेंगे स्थायी हेलीपैड

भोपाल। मध्यप्रदेश में हवाई कनेक्टिविटी और विमानन सुविधाओं के विस्तार की दिशा में राज्य सरकार ने बड़ा रोडमैप तैयार किया है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में प्रदेश में एयरपोर्ट, एयरस्ट्रिप और हेलीपैड का नेटवर्क बढ़ाया जा रहा है। वर्तमान में मध्यप्रदेश में 8 एयरपोर्ट संचालित हैं, जबकि उज्जैन और शिवपुरी में एयरपोर्ट विकसित होने के बाद इनकी संख्या 10 हो जाएगी।

राज्य सरकार की नागरिक विमानन नीति-2025 के तहत प्रदेश में हर 150 किलोमीटर पर एयरपोर्ट, 75 किलोमीटर पर एयरस्ट्रिप और 45 किलोमीटर पर हेलीपैड विकसित करने की दिशा में काम किया जा रहा है। इसके साथ ही सभी 230 विधानसभा क्षेत्रों में स्थायी हेलीपैड बनाने की योजना है।

प्रदेश में 8 एयरपोर्ट, जल्द बढ़कर होंगे 10

वर्ष 2023-24 में मध्यप्रदेश में इंदौर, भोपाल, जबलपुर, ग्वालियर और खजुराहो सहित 5 प्रमुख एयरपोर्ट संचालित थे। वर्ष 2024-25 में रीवा, दतिया और सतना को जोड़ने के बाद प्रदेश में एयरपोर्ट की संख्या बढ़कर 8 हो गई।

उज्जैन और शिवपुरी में एयरपोर्ट के विकास का कार्य जारी है। इनके पूर्ण होने के बाद प्रदेश में कुल 10 एयरपोर्ट हो जाएंगे।

पांच नए एयरपोर्ट की स्वीकृति प्रक्रियाधीन

प्रदेश में पांच नए एयरपोर्ट के विकास की स्वीकृति केंद्र सरकार के स्तर पर प्रक्रियाधीन है। इनमें सिंगरौली को प्राथमिकता दी गई है।

इसके अलावा उड़ान योजना के तहत 10 एयरस्ट्रिप को एयरपोर्ट के रूप में विकसित करने का प्रस्ताव है। इनमें सिंगरौली, सागर, नीमच, छिंदवाड़ा, मंडला, खंडवा, रतलाम, मंदसौर, उमरिया और शहडोल शामिल हैं।

सभी 230 विधानसभा क्षेत्रों में स्थायी हेलीपैड

सरकार प्रदेश में हवाई सेवाओं को अधिक सुलभ बनाने के लिए सभी 230 विधानसभा क्षेत्रों में स्थायी हेलीपैड विकसित करने की योजना पर काम कर रही है। इससे आपातकालीन परिस्थितियों के साथ-साथ स्वास्थ्य, पर्यटन और अन्य आवश्यक सेवाओं में हवाई संपर्क बेहतर होने की उम्मीद है।

पीएमश्री एयर एम्बुलेंस से 186 मरीजों को मिला लाभ

मध्यप्रदेश में 29 मई 2024 से पीएमश्री एयर एम्बुलेंस सेवा संचालित की जा रही है। आयुष्मान कार्डधारियों को प्रदेश और प्रदेश के बाहर शासकीय तथा आयुष्मान योजना से संबद्ध अस्पतालों तक निःशुल्क हवाई परिवहन की सुविधा उपलब्ध कराई जाती है।

अब तक 186 मरीजों और दुर्घटना पीड़ितों को इस सेवा का लाभ मिल चुका है।

हेली पर्यटन सेवा से बढ़े पर्यटन के अवसर

पीएमश्री हेली पर्यटन सेवा के माध्यम से प्रदेश के धार्मिक, ऐतिहासिक और प्राकृतिक पर्यटन स्थलों को हवाई मार्ग से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।

इसके तहत इंदौर-उज्जैन-ओंकारेश्वर, भोपाल-चंदेरी-ओरछा और जबलपुर-मैहर-चित्रकूट-कान्हा-बांधवगढ़ जैसे पर्यटन सेक्टर निर्धारित किए गए हैं। अब तक 5,200 से अधिक यात्रियों ने हेली सेवा का उपयोग किया है, जबकि 680 से अधिक जॉय राइड संचालित की जा चुकी हैं।

इंदौर से अबूधाबी की सीधी उड़ान शुरू

मध्यप्रदेश के अंतर्राष्ट्रीय हवाई संपर्क को भी विस्तार मिल रहा है। इंदौर से अबूधाबी के बीच सीधी उड़ान शुरू होने से प्रदेश का खाड़ी क्षेत्र से हवाई संपर्क मजबूत हुआ है। इससे व्यापार, पर्यटन, निवेश और अन्य आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।

सिंहस्थ-2028 के लिए दताना-मताना एयरपोर्ट का विस्तार

उज्जैन में दताना-मताना एयरपोर्ट का विकास आरसीएस उड़ान 5.2 के तहत किया जा रहा है। शुरुआती चरण में यहां 1,800 मीटर लंबा रनवे विकसित किया जा रहा है, जिसे भविष्य में 2,700 मीटर तक बढ़ाने की योजना है।

सिंहस्थ-2028 को देखते हुए दताना-मताना एयरपोर्ट को महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

राज्य सरकार को मिलेगा नया शासकीय विमान

मध्यप्रदेश सरकार को नया शासकीय विमान भी मिलने जा रहा है। सरकार के अनुसार इससे चार्टर्ड विमान पर निर्भरता कम होगी और विमान संचालन पर होने वाला खर्च घटकर वर्तमान खर्च का लगभग एक-तिहाई रह जाएगा।

मध्यप्रदेश में मजबूत होगा हवाई नेटवर्क

एयरपोर्ट, एयरस्ट्रिप और हेलीपैड के विस्तार के साथ मध्यप्रदेश के अलग-अलग क्षेत्रों को बेहतर हवाई संपर्क से जोड़ने की तैयारी है। नए एयरपोर्ट, सभी विधानसभा क्षेत्रों में स्थायी हेलीपैड, पीएमश्री एयर एम्बुलेंस, हेली पर्यटन सेवा और अंतर्राष्ट्रीय उड़ानों का विस्तार प्रदेश के विमानन नेटवर्क को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

Share this:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

यह भी देखें