Kymore News: एस्बेस्टस वेस्ट की जांच तेज, संयुक्त टीम ने भटिया मोहल्ले में मिट्टी और भूजल के नमूने लिए
कैमोर। RPKP INDIA NEWS। कैमोर स्थित एवरेस्ट कंपनी के एस्बेस्टस वेस्ट से जुड़े मामले को लेकर कलेक्टर आशीष तिवारी के निर्देश पर संयुक्त जांच टीम ने भटिया मोहल्ला क्षेत्र का स्थल निरीक्षण किया। टीम ने क्षेत्र से मिट्टी और भूजल के नमूने एकत्र किए हैं, जिन्हें वैज्ञानिक एवं प्रयोगशाला जांच के लिए भेजा जाएगा।
इस संयुक्त टीम में राजस्व विभाग, मध्यप्रदेश प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड कटनी और नगर परिषद कैमोर के अधिकारी शामिल हैं। टीम ने बुधवार को भटिया मोहल्ला वार्ड क्रमांक-2 (डॉ. जाकिर हुसैन वार्ड) पहुंचकर मौके का निरीक्षण किया।
कई स्थानों से लिए गए मिट्टी के नमूने
जनस्वास्थ्य और पर्यावरण से जुड़े पहलुओं की जांच के लिए टीम ने अलग-अलग स्थानों से मृदा के नमूने लिए। इनमें फुटबॉल ग्राउंड, एवरेस्ट कंपनी के पश्चिम और दक्षिण दिशा में लतीफ खान के घर के पास, श्री गुरुदीप सिंह बेदी के घर के पास तथा शासकीय अस्पताल के पीछे का क्षेत्र शामिल रहा।

हैंडपंपों से भी लिए गए भूजल के नमूने
भूजल की गुणवत्ता की जांच के लिए टीम ने श्री रमेश निषाद के मकान के पास और सरवर खान के मकान के पास स्थित हैंडपंपों से पानी के नमूने भी लिए।
एकत्र किए गए सभी मिट्टी और पानी के नमूनों को विस्तृत वैज्ञानिक जांच के लिए केंद्रीय प्रयोगशाला, भोपाल भेजा जाएगा। प्रयोगशाला से प्राप्त रिपोर्ट के आधार पर क्षेत्र की वास्तविक स्थिति का परीक्षण किया जाएगा।
अधिकारियों की मौजूदगी में तैयार किया गया पंचनामा
जांच के बाद पंचनामा तैयार करने की प्रक्रिया मध्यप्रदेश प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के क्षेत्रीय अधिकारी सुधांशु तिवारी, वैज्ञानिक राजेन्द्र शुक्ला, नायब तहसीलदार कैमोर राजेन्द्र श्रीवास्तव और नगर परिषद कैमोर के सेनेटरी इंस्पेक्टर पी.आर. सिंह की मौजूदगी में पूरी की गई।
निरीक्षण के दौरान स्थानीय नागरिक अवध किशोर विश्वकर्मा, लतीफ खान, साहिल खान और महबूब सहित अन्य लोग भी मौजूद रहे।
संयुक्त टीम द्वारा पर्यावरण और जनस्वास्थ्य से जुड़े इस मामले में नमूनों की वैज्ञानिक जांच के आधार पर आगे की स्थिति स्पष्ट की जाएगी।
✍️ संतोष प्रसाद तिवारी
RPKP INDIA NEWS
कैमोर
