अतिरिक्त सचिव श्री अजय शर्मा ने लिधौरा ताल में बीआरसी सेंटर सहित विभिन्न कृषि गतिविधियों का किया अवलोकन प्राकृतिक खेती एवं कृषि नवाचारों का किया निरीक्षण
(टीकमगढ़) प्रधानमंत्री धन-धान्य कृषि योजना के केंद्रीय नोडल अधिकारी एवं अतिरिक्त सचिव श्रम मंत्रालय भारत सरकार श्री अजय शर्मा ने विकासखंड जतारा के ग्राम लिधौरा ताल में कृषक श्री बालचंद अहिरवार के खेत पर प्राकृतिक खेती के अंतर्गत स्थापित बीआरसी सेंटर सहित विभिन्न कृषि गतिविधियों एवं नवाचारों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान श्री शर्मा ने खेत पर संचालित वर्मी कम्पोस्ट पिट, मल्टीलेयर कृषि पद्धति तथा ऑयल प्रोसेसिंग यूनिट का अवलोकन किया।
उन्होंने प्राकृतिक खेती के माध्यम से अपनाई जा रही कृषि तकनीकों, जैविक संसाधनों के उपयोग तथा कृषि नवाचारों की जानकारी ली।इस दौरान प्राकृतिक खेती के माध्यम से कृषि लागत में कमी लाने, स्थानीय संसाधनों के प्रभावी उपयोग तथा कृषकों की आय में वृद्धि की संभावनाओं पर भी जानकारी प्राप्त की गई। बीआरसी सेंटर के माध्यम से प्राकृतिक खेती की तकनीकों एवं नवाचारों को स्थानीय कृषकों तक पहुंचाने तथा उन्हें टिकाऊ एवं पर्यावरण अनुकूल कृषि पद्धतियां अपनाने के लिए प्रोत्साहित करने पर जोर दिया गया।श्री शर्मा ने खेत पर किए जा रहे विभिन्न कृषि नवाचारों को अन्य कृषकों के लिए उपयोगी एवं अनुकरणीय बताया।
उन्होंने प्राकृतिक खेती की तकनीकों को अधिक से अधिक कृषकों तक पहुंचाने तथा स्थानीय स्तर पर उपलब्ध संसाधनों के बेहतर उपयोग को बढ़ावा देने पर बल दिया।इस अवसर पर उपसंचालक कृषि श्री मनोज कश्यप, एसडीएम जतारा श्री नीरज खरे, नायब तहसीलदार पलेरा,सहायक संचालक परियोजना संचालक आत्मा श्री पटेल ,सहायक संचालक कृषि श्री रवि अमलियार, सहायक संचालक उद्यान श्री अजय रोहित, एसएडीओ जतारा श्री महेंद्र चौहान, एईओ श्री अनुराग तिवारी, एसएडीओ टीकमगढ़ श्री के.पी. अहिरवार, एसएडीओ पलेरा श्री सुरेश वर्मा सहित कृषि विभाग के समस्त कृषि विस्तार अधिकारी उपस्थित रहे।
