खेर माता मढ़िया समिति कैमोर द्वारा स्थापित की गई मां काली की भव्य प्रतिमा, उमड़ रहा श्रद्धा का सैलाब
कैमोर। औद्योगिक नगर कैमोर के वार्ड क्रमांक 4 स्थित खेर माता मढ़िया समिति द्वारा इस वर्ष शारदीय नवरात्रि के पावन अवसर पर मां काली की अत्यंत भव्य और आकर्षक प्रतिमा स्थापित की गई है। प्रतिमा के दर्शन और पूजन के लिए प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं का तांता लगा हुआ है, जिससे पूरे क्षेत्र में भक्तिमय माहौल बना हुआ है।

धार्मिक आयोजन की श्रृंखला में विगत शाम नगर परिषद कैमोर की अध्यक्ष श्रीमती पलक नामित ग्रोवर विशेष रूप से उपस्थित हुईं। उन्होंने मां काली की विधि-विधान से आरती कर क्षेत्र की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। इस दौरान समिति के सदस्यों और स्थानीय नागरिकों ने उनका आत्मीय स्वागत किया।

विजयादशमी पर होगा विशाल भंडारा और 21 अक्टूबर को निकलेगा चल समारोह
समिति के पदाधिकारियों ने जानकारी देते हुए बताया कि नवरात्रि पर्व के तहत आगामी कार्यक्रमों की तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। विजयादशमी के पावन पर्व पर समिति द्वारा एक विशाल भंडारे का आयोजन किया जाएगा, जिसमें सभी धर्मप्रेमियों से प्रसाद ग्रहण करने का आग्रह किया गया है। इसके अगले दिन यानी 21 अक्टूबर को मां की आराधना के साथ एक विशाल चल समारोह निकाला जाएगा, जिसमें नगरवासी उत्साह के साथ शामिल होंगे।
