नालासोपारा में बड़ा हादसा! रात 2 बजे सिद्धाई इमारत का स्लैब गिरा, 4 साल के बच्चे समेत परिवार बाल-बाल बचा
तीन महीने में दूसरी बड़ी दुर्घटना से दहशत में रहवासी, बहुजन विकास आघाड़ी के प्रतिनिधियों ने पीड़ित परिवार से की मुलाकात
नालासोपारा (मुंबई), RPKP INDIA NEWS महाराष्ट्र के नालासोपारा स्थित समेळपाडा क्षेत्र की सिद्धाई इमारत में एक बार फिर बड़ा हादसा सामने आया है। देर रात करीब 2 बजे इमारत के चौथे माले का स्लैब अचानक गिर गया। घटना के समय कांबले परिवार गहरी नींद में सो रहा था। इस हादसे में चार वर्षीय बच्चे सहित परिवार के सदस्य बाल-बाल बच गए। गनीमत रही कि दुर्घटना में कोई जनहानि नहीं हुई। हालांकि, इस घटना के बाद इमारत में रहने वाले लोगों के बीच भय का माहौल व्याप्त है।

बताया जा रहा है कि सिद्धाई इमारत में पिछले तीन महीनों के भीतर दो बड़ी दुर्घटनाएं हो चुकी हैं। लगातार हो रही इन घटनाओं ने इमारत की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। रहवासियों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।

बहुजन विकास आघाड़ी के प्रतिनिधियों ने किया घटनास्थल का निरीक्षण
घटना की जानकारी मिलने के बाद बहुजन विकास आघाड़ी के नगरसेवक अतुल साळुंखे, पूर्व नगरसेवक किशोर पाटील सहित पार्टी के पदाधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और दुर्घटनाग्रस्त कांबले परिवार से मुलाकात कर उनका हाल जाना।
इस दौरान प्रतिनिधियों ने घटना की गहन जांच कराने की मांग की। साथ ही, इमारत की सुरक्षा के प्रति लापरवाही बरतने वाले तथा दुर्घटना के लिए जिम्मेदार पाए जाने वाले लोगों के खिलाफ कठोर कार्रवाई करने की मांग भी उठाई।

इमारत की सुरक्षा पर उठे सवाल
तीन महीने के भीतर दो बड़ी दुर्घटनाएं होने से सिद्धाई इमारत की संरचनात्मक सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं। ऐसे में इमारत की स्थिति की विशेषज्ञों से जांच कराना और रहवासियों की सुरक्षा सुनिश्चित करना आवश्यक है।
इस दौरान नगरसेवक अतुल साळुंखे, नगरसेवक किशोर पाटील, परिवहन समिति सदस्य नवनाथ पगारे, युवा विकास आघाड़ी अध्यक्ष नवीन वाघचौडे, नागेश बोबडे, अभिषेक हाटकर, राजेंद्र खुळे, रोहन डिसूजा, रोहित डिसूजा, सविता कांबले एवं रुचिता नाईक सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।
