कलेक्टर श्री तिवारी ने ग्राम छाता के प्रगतिशील कृषक के खेत का किया भ्रमण मिश्रित खेती से जोखिम घटाकर आय बढ़ाने की दिशा में आगे बढ़ रहे कृषक सुंदरलाल वर्मन
(कटनी) कलेक्टर श्री आशीष तिवारी ने ग्राम छाता पहुंचकर प्रगतिशील कृषक श्री सुंदरलाल वर्मन के खेत का भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने कृषक द्वारा अपनाई जा रही मिश्रित खेती की पद्धति का अवलोकन किया और फसल विवधीकरण के माध्यम से कृषि आय बढ़ाने के प्रयासों की जानकारी ली। इस दौरान डिप्टी कलेक्टर श्री प्रमोद चतुर्वेदी, सहायक संचालक कृषि श्री खेलावन डेहरिया, सहायक संचालक उद्यानिकी सुश्री ऋषिका त्रिपाठी सहित संबंधित विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।
छह एकड़ खेत मे धान के साथ उद्यानिकी फसलों का उत्पादन कृषक श्री सुंदरलाल वर्मन लगभग 6 एकड़ भूमि में खेती कर रहे हैं। इसमें 3 एकड़ में धान तथा शेष 3 एकड़ में गन्ना, केला, अंजीर, चीकू, सेब, तेजपत्ता सहित विभिन्न फसलों का उत्पादन कर रहे हैं। वे धान में वासमती एवं सुगंधा जैसी उन्नत किस्मों के साथ उद्यानिकी फसलों में केला, आम, सेब, आंवला, चीकू, नींबू तथा मसाला वर्ग की फसलों में दालचीनी, तेजपत्ता और सुपारी आदि का उत्पादन कर रहे हैं।
कृषक श्री बर्मन ने बताया कि वर्तमान परिस्थितियों में एक ही फसल पर निर्भर रहने के बजाय मिश्रित खेती अपनाने से खेती में होने वाले जोखिम को कम किया जा सकता है और विभिन्न फसलों से अतिरिक्त आय के अवसर प्राप्त होते हैं। इसके साथ ही कृषक द्वारा दुग्ध उत्पादन के लिए उन्नत नस्ल की एचएफ गाय एवं भैंसों का पालन भी किया जा रहा है।
कलेक्टर ने एक फसल को बाजार से जोड़कर आय बढ़ाने का दिया सुझाव खेत भ्रमण के दौरान कलेक्टर श्री तिवारी ने कृषक द्वारा उत्पादित विभिन्न फसलों की जानकारी लेते हुए सुझाव दिया कि मिश्रित खेती के साथ किसी एक प्रमुख फसल का चयन कर उसके बेहतर विपणन एवं बाजार से सीधे जुड़ने की दिशा में कार्य किया जाए, जिससे कृषि से होने वाली आमदनी में और वृद्धि की जा सके। उन्होंने फसल विविधीकरण को बढ़ावा देने, उत्पादन के साथ बाजार की मांग को ध्यान में रखने तथा कृषि गतिविधियों को अधिक लाभकारी बनाने पर जोर दिया।
