विद्यार्थियों के निबंध प्रकाशित कराएं, अन्य स्कूलों को भी मिलेगी प्रेरणा : उपमुख्यमंत्री श्री देवड़ा

मप्र स्थापना दिवस पर निबंध प्रतियोगिता के प्रतिभागियों को पुरस्कृत, स्वच्छता की भी दिलाई शपथ

(जबलपुर) मध्यप्रदेश स्थापना दिवस के अवसर पर नगर निगम और मित्र संघ की ओर से आयोजित निबंध प्रतियोगिता के प्रतिभागियों को पुरस्कृत किया गया। कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री श्री जगदीश देवड़ा ने कहा कि नई पीढ़ी ही देश का भविष्य है। विद्यार्थियों को जबलपुर के विकास, नगर निगम की भूमिका और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 12 वर्ष के कार्यकाल जैसे महत्वपूर्ण विषयों से जोड़ने का यह रचनात्मक प्रयास सराहनीय है। उन्होंने सुझाव दिया कि प्रतियोगिता में पुरस्कार प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों के निबंधों का प्रकाशन भी कराया जाए, ताकि उनकी प्रतिभा और विचार अधिक से अधिक लोगों तक पहुंच सकें।उपमुख्यमंत्री ने कहा कि निबंध प्रतियोगिता के माध्यम से बच्चों को देश और प्रदेश के विकास को समझने का अवसर मिला है। विद्यार्थियों ने प्रधानमंत्री के 12 वर्ष के कार्यकाल का लेखा-जोखा अपने निबंधों में प्रस्तुत किया। इन निबंधों के प्रकाशन से दूसरे विद्यालयों और मध्यप्रदेश के अन्य शहरों को भी ऐसे आयोजन करने की प्रेरणा मिलेगी। उन्होंने सभी प्रतिभागियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। साथ ही आयोजकों और कार्यक्रम के मुख्य प्रेरणास्रोत महापौर श्री जगत बहादुर सिंह अन्नू की सराहना की। लोक निर्माण मंत्री श्री राकेश सिंह ने कहा कि नगर निगम और पत्रकार श्री परितोष वर्मा की ओर से लंबे समय से विद्यार्थियों को देश की उपलब्धियों, केंद्र सरकार के कार्यों और जबलपुर के विकास से परिचित कराने का सराहनीय प्रयास किया जा रहा है। निबंध प्रतियोगिता के माध्यम से विद्यार्थियों को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यों की जानकारी मिलने के साथ अपनी जानकारी और समझ का आकलन करने का अवसर भी मिलता है।

मंत्री श्री सिंह ने कहा कि वीरांगना रानी दुर्गावती की विरासत को संजोने वाले जबलपुर शहर के विकास और नगर निगम की ओर से किए जा रहे कार्यों की जानकारी विद्यार्थियों तक पहुंचाना इस आयोजन की विशेष उपलब्धि है। प्रतियोगिता में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों के साथ अन्य प्रतिभागियों को भी नई जानकारियां सीखने का अवसर मिलता है।

स्वच्छता बनाए रखने की दिलाई शपथ

कार्यक्रम में लोक निर्माण मंत्री श्री सिंह ने उपस्थित जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों और विद्यार्थियों को स्वच्छता की शपथ भी दिलाई। सभी ने संकल्प लिया कि वे घरों का कचरा सड़क पर नहीं फेंकेंगे और न ही किसी को ऐसा करने देंगे। गीले और सूखे कचरे को अलग-अलग डस्टबिन में रखकर नगर निगम के कचरा संग्रहण वाहन में ही देंगे। साथ ही सिंगल यूज प्लास्टिक और प्रतिबंधित पॉलीथिन का उपयोग नहीं करने तथा खरीदारी के लिए कपड़े से बनी थैली का इस्तेमाल करने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम में सांसद श्री आशीष दुबे, महापौर श्री जगत बहादुर सिंह अन्नू, विधायक श्री अशोक रोहाणी, जबलपुर विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष श्री संदीप जैन, नगर निगम अध्यक्ष श्री रिकुंज विज, भाजपा नगर अध्यक्ष श्री रत्नेश सोनकर सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में स्कूली छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

Share this:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

यह भी देखें