बुंदेलखंड के शौर्य को इतिहास में हमेशा याद रखा जाएगा: जतारा विधायक श्री हरिशंकर खटीक – महिला, युवा और किसान कल्याण को केंद्र में रखकर आगे बढ़ रहा मध्य प्रदेश: श्रीमती सरोज राजपूत

(टीकमगढ़) मध्य प्रदेश स्थापना दिवस के अवसर पर आज स्थानीय उत्सव भवन में जिला स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि जतारा विधायक श्री हरिशंकर खटीक ने अतिथियों के साथ दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस अवसर पर श्रीमती सरोज राजपूत, पूर्व विधायक टीकमगढ़ श्री राकेश गिरी गोस्वामी, पूर्व विधायक पृथ्वीपुर श्री शिशुपाल यादव, श्री विवेक चतुर्वेदी , पूर्व विधायक खरगापुर श्री अजय यादव एवं सांसद प्रतिनिधि श्री अनुराग वर्मा सहित अन्य जनप्रतिनिधि, कलेक्टर श्री विवेक श्रोत्रिय, पुलिस अधीक्षक श्री सुधीर कुमार अग्रवाल, जिला पंचायत सीईओ श्री विशाल धाकड़ सहित संबंधित अधिकारी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

बुंदेलखंड के शौर्य को इतिहास में हमेशा याद रखा जाएगा : जतारा विधायक श्री खटीक 

मुख्य अतिथि जतारा विधायक श्री हरिशंकर खटीक ने मध्य प्रदेश के इतिहास पर प्रकाश डालते हुए कहा कि बुंदेलखंड के शौर्य और वीरता को इतिहास में हमेशा याद रखा जाएगा। उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश आज शिक्षा, जलापूर्ति, सिंचाई, ऊर्जा, परिवहन और अधोसंरचना सहित विभिन्न क्षेत्रों में निरंतर आगे बढ़ रहा है। उन्होंने बताया कि रेल लाइन के माध्यम से टीकमगढ़ जिला रेल संपर्क से जुड़ रहा है। जिले में बानसुजारा परियोजना के माध्यम से 183 गांवों में जलापूर्ति की जा रही है। भविष्य में टीकमगढ़ जिले के अन्य क्षेत्रों तक भी इसका लाभ पहुंचाने की दिशा में प्रयास किए जा रहे हैं।

विधायक श्री खटीक ने बताया कि जिले में सिंचाई सुविधाओं के विस्तार के लिए 1,768 करोड़ रुपये की राशि से संबंधित कार्य किए जा रहे हैं। सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए जिले के थानों एवं पुलिस चौकियों का उन्नयन किया गया है। इसके साथ ही जिले में 4 करोड़ 30 लाख रुपये की लागत से छात्रावास स्वीकृत हुआ है।

उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री श्री अटल बिहारी वाजपेयी की नदियों को जोड़ने की परिकल्पना का उल्लेख करते हुए कहा कि केन-बेतवा लिंक परियोजना से क्षेत्र में जल उपलब्धता बढ़ेगी तथा गांवों और मजरा-टोलों तक जलापूर्ति सुनिश्चित करने में सहायता मिलेगी। उन्होंने बताया कि जतारा विधानसभा में उद्योग संवर्धन के लिए 1,000 एकड़ भूमि आवंटित की गई है। जिले में ऊर्जा क्षेत्र के विकास के लिए जबलपुर से विद्युत लाइन जोड़ने तथा विद्युत स्टेशन की स्वीकृति से संबंधित कार्य भी किए जा रहे हैं।

श्रीमती सरोज राजपूत ने मध्य प्रदेश स्थापना दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि प्रदेश सरकार महिला सशक्तिकरण, युवाओं और किसानों को साथ लेकर आगे बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि केंद्र में प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में मध्य प्रदेश निरंतर प्रगति कर रहा है। समाज के सभी वर्गों के कल्याण और विकास के लिए किए जा रहे प्रयास प्रदेश को नई दिशा प्रदान कर रहे हैं।

पूर्व विधायक श्री राकेश गिरी गोस्वामी ने मध्य प्रदेश स्थापना दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि मध्य प्रदेश ने बीमारू राज्य से स्वर्णिम राज्य तक का सफर तय किया है। उन्होंने जिले की विभिन्न उपलब्धियों और विकास कार्यों पर प्रकाश डालते हुए प्रदेश की विकास यात्रा को रेखांकित किया।

कलेक्टर श्री विवेक श्रोत्रिय ने मध्य प्रदेश स्थापना दिवस की सभी को शुभकामनाएं देते हुए प्रदेश की भौगोलिक संरचना एवं विकास यात्रा पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश शासन द्वारा संचालित हितग्राहीमूलक योजनाओं का बेहतर क्रियान्वयन प्रदेश की खुशहाली और आमजन के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। शासन की योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाकर प्रदेश के समग्र विकास को गति दी जा रही है।

सांस्कृतिक प्रस्तुतियों में दिखी बुंदेली कला एवं देशभक्ति की झलक

स्थापना दिवस समारोह में विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों ने आकर्षक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। शासकीय उच्चतर कन्या विद्यालय टीकमगढ़ की छात्राओं ने ‘हिंदुस्तान का दिल देखो’ गीत पर नृत्य प्रस्तुत किया। पीएम श्री हाई स्कूल अनंतपुरा की छात्राओं ने बुंदेली लोकगीत पर मनमोहक प्रस्तुति दी। शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय क्रमांक-1 की छात्राओं ने ‘मेरो प्यारो मध्य प्रदेश’ तथा पुष्पा हाई स्कूल की छात्राओं ने ‘विजयी भवः गीत पर नृत्य प्रस्तुत कर दर्शकों का मन मोह लिया। इन प्रस्तुतियों में बुंदेली संस्कृति और लोककला की सुंदर झलक देखने को मिली।

पीएम श्री शासकीय शिशु मंदिर की बालिकाओं ने देशभक्ति गीत प्रस्तुत किया। विद्यालय की टीम ने तबला एवं हारमोनियम वादन से कार्यक्रम को संगीतमय बनाया। इसी विद्यालय की छात्रा ने ‘मैं रहूं या न रहूं, भारत ये रहना चाहिए’ गीत की एकल प्रस्तुति दी। वहीं, राजकुमार विश्वकर्मा एंड पार्टी ने मध्य प्रदेश पर आधारित बुंदेली लोक प्रस्तुति देकर स्थानीय संस्कृति की छटा बिखेरी।

मीसाबंदियों का सम्मान, विद्यार्थियों को शील्ड एवं प्रमाण पत्र वितरित

कार्यक्रम के दौरान मुख्य अतिथि श्री हरिशंकर खटीक एवं उपस्थित अतिथियों ने मीसाबंदियों को शॉल एवं श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया। सांस्कृतिक कार्यक्रमों में प्रस्तुति देने वाले विद्यालयों के विद्यार्थियों को शील्ड एवं प्रमाण पत्र वितरित किए गए।

विभागीय प्रदर्शनी में प्रदर्शित किए गए स्थानीय उत्पाद एवं योजनाएं

स्थापना दिवस समारोह के अवसर पर विभिन्न विभागों द्वारा प्रदर्शनी भी लगाई गई। आजीविका मिशन द्वारा हस्तनिर्मित मिट्टी एवं बांस के उत्पाद प्रदर्शित किए गए। कृषि विभाग ने विभिन्न अनाज, योजनाओं, बीजों एवं स्प्रेयर पंप मशीन का प्रदर्शन किया। उद्योग विभाग द्वारा पीतल शिल्पकला एवं सरसों तेल सहित अन्य उत्पाद प्रदर्शित किए गए। उद्यानिकी विभाग ने विभिन्न सब्जियों एवं उन्नत किस्म के पौधों का प्रदर्शन किया।

मुख्य अतिथि श्री हरिशंकर खटीक सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने विभागीय प्रदर्शनी का अवलोकन किया तथा प्रदर्शित उत्पादों एवं विभागीय गतिविधियों की जानकारी प्राप्त की। कार्यक्रम में मध्य प्रदेश की सांस्कृतिक विरासत, विकास उपलब्धियों, किसान कल्याण और जनहितकारी योजनाओं को प्रमुखता से प्रदर्शित किया गया।

 

Share this:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

यह भी देखें