सफलता के लिए लक्ष्य निर्धारित कर मेहनत के साथ आगे बढना जरूरी है-प्रतिमा बागरी
राज्यमंत्री ने किया 70वीं राज्य स्तरीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता का शुभारंभ
(सतना) 70वीं राज्य स्तरीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता (नेट बॉल) 2026 का भव्य शुभारंभ रविवार को नगरीय विकास एवं आवास राज्यमंत्री श्रीमती प्रतिमा बागरी के मुख्यातिथ्य में द लवडेल सीनियर सेकेंडरी स्कूल बगहा सतना के खेल मैदान में किया गया। प्रतियोगिता में राज्य के 9 संभागों के 14 से 17 आयु वर्ग के बालक-बालिकायें हिस्सा ले रहे हैं। राज्य स्तरीय क्रीड़ा प्रतियोगिता के शुभारंभ अवसर पर प्रतिमा बागरी ने कहा कि सफलता के लिए लक्ष्य निर्धारित कर मेहनत के साथ आगे बढना जरूरी है।
उन्होंने कहा कि सभी प्रतिभागी खिलाडी जीतने का उद्देश्य लेकर सतना आये हैं। खेल में हारने वाला खिलाडी सीख कर आगे बढता है और एक बडा मुकाम हासिल करता है। उन्होंने सभी संभागों से आये खिलाडियों का अभिनंदन करते हुए कहा कि खेल के मैदान में खिलाडी भावना का प्रदर्शन करते हुए जीत हासिल करे। प्रतियोगिता में सभी प्रतिभागी पूरे उत्साह के साथ हर दिन उत्कृष्ट खेल दिखाकर अपना लक्ष्य प्राप्त करें। राज्यमंत्री ने कहा कि स्वच्छ भारत के सपने को साकार करने में हमारा भी योगदान रहे। जीवन में स्वच्छता और अनुशासन का विशेष महत्व है। राज्य स्तरीय शालेय क्रीडा प्रतियोगिता के शुभारंभ अवसर पर अतिथियों ने मां सरस्वती के छायाचित्र के समक्ष दीप प्रज्जवलित किया। इस मौके पर छात्र-छात्राओं द्वारा स्वागत गीत की प्रस्तुत दी गई।
कार्यक्रम के दौरान छात्राओं द्वारा आकर्षक सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किये गये। साथ ही छात्र-छात्राओं के सजे बैंड दल ने मनमोहक प्रस्तुति से सभी को भाव-विभोर कर दिया। राज्यमंत्री श्रीमती प्रतिमा बागरी ने खिलाडी को खेल मशाल प्रज्जवलित कर सौपी। उन्होंने खेल का ध्वज आरोहित कर खिलाडियों को शपथ दिलाई। राज्यमंत्री द्वारा 70वीं राज्य स्तरीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता (नेट बॉल) के शुभारंभ की विधिवत घोषणा की गई। कार्यक्रम में अतिथियों का बैज लगाकर स्वागत किया एवं स्मृति चिन्ह भेंट किये गये। इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष रामखेलावन कोल, जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्रीमती सुस्मिता सिंह, सीईओ जिला पंचायत सपना त्रिपाठी, सहायक संचालक लोक शिक्षण संचालनालय राजेश यादव, श्रीमती मीना त्रिपाठी, प्राचार्य श्रुति सोम, डायरेक्टर विनय सिंह सहित प्रतिभागी बालक-बालिकायें, शिक्षकगण, अभिभावक और कोच तथा मैनेजर उपस्थित थे।
