दिलीप पुरी गोस्वामी की हत्या के विरोध में कांग्रेस ने बोर्ड ऑफिस चौराहा भोपाल में किया प्रदर्शन एवं मोमबत्ती जलाकर दी श्रद्धांजलि
भोपाल। RPKP INDIA NEWS जिला कांग्रेस कमेटी, भोपाल शहर द्वारा आज बोर्ड ऑफिस चौराहे पर शराब, रेत एवं खनिज माफियाओं के बढ़ते आतंक और प्रदेश की बिगड़ती कानून व्यवस्था के विरोध में मानव श्रृंखला बनाकर जोरदार प्रदर्शन किया गया।
इस अवसर पर जिला कांग्रेस कमेटी भोपाल शहर के अध्यक्ष इंजी. प्रवीण सक्सेना ने कहा कि मध्यप्रदेश में कानून व्यवस्था पूरी तरह चरमरा चुकी है। शराब, रेत और खनिज माफियाओं के हौसले इतने बुलंद हैं कि अब वे कानून के रक्षकों को भी निशाना बनाने से नहीं डर रहे हैं। देवास जिले के खातेगांव थाना प्रभारी श्री दिलीप पुरी गोस्वामी की ट्रक से कुचलकर की गई हत्या प्रदेश की कानून व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करती है। जब पुलिस के अधिकारी ही सुरक्षित नहीं हैं, तो आम नागरिकों की सुरक्षा की जिम्मेदारी कौन लेगा?

श्री सक्सेना ने कहा कि प्रदेश में माफिया राज चल रहा है। शराब, रेत और खनिज माफियाओं को सरकार का संरक्षण प्राप्त है, जिसके चलते उनके हौसले लगातार बढ़ रहे हैं। प्रदेश की जनता भय और असुरक्षा के माहौल में जीने को मजबूर है। सरकार की जिम्मेदारी जनता की जान-माल की सुरक्षा करना है, लेकिन प्रदेश में माफिया बेखौफ हैं और सरकार मूकदर्शक बनी हुई है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी माफियाओं के आतंक और सरकार की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ चुप नहीं बैठेगी। माफियाओं को मिल रहे राजनीतिक संरक्षण की निष्पक्ष जांच हो, दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाए और प्रदेश में कानून का राज स्थापित किया जाए।

प्रदर्शन के दौरान कांग्रेसजनों ने मानव श्रृंखला बनाकर माफिया राज के खिलाफ एकजुटता दिखाई तथा दिवंगत थाना प्रभारी दिलीप पुरी गोस्वामी की स्मृति में मोमबत्तियां जलाकर भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।
इस अवसर पर पूर्व मंत्री पी.सी. शर्मा, पूर्व महापौर विभा पटेल, जिला कांग्रेस कमेटी के संगठन महामंत्री अभिषेक शर्मा, प्रदेश कांग्रेस सचिव राजकुमार सिंह, महिला कांग्रेस की पूर्व जिला अध्यक्ष संतोष कंसाना, सेवादल जिला अध्यक्ष निहाल अहमद, जिला कांग्रेस उपाध्यक्ष निक्की चौबे ,ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष सुशील प्रजापति एवं राहुल सिंह राठौड़, टी आर गहलोत, अजय श्रीवास्तव सहित जिला कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारीगण, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्षगण, कांग्रेस पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता साथी उपस्थित रहे।

