कलेक्टर ने खरीदे बच्चों के हाथों से बने दीपावली के सजावटी उत्पाद, बढ़ाया नन्हे हुनर का मान कलेक्ट्रेट में सजे स्टॉल पर दिखी रचनात्मकता, दीये-कैंडल और रंग-बिरंगे तोरण के जरिए दिया वोकल फॉर लोकल का संदेश

(कटनी) कलेक्टर श्री आशीष तिवारी ने गुरुवार को कलेक्ट्रेट परिसर में बाल गृह संस्थाओं के बच्चों द्वारा तैयार दीपावली के सजावटी उत्पादों की खरीदारी कर उनके हुनर को सम्मान और आत्मनिर्भरता के सपनों को नई उड़ान दी। इस स्टॉल में विभिन्न बाल गृह संस्थाओं के  कर्मचारी उपस्थित रहे।  मिशन वात्सल्य के तहत संचालित बाल देखरेख संस्थाओं के बच्चों की प्रतिभा को मंच देने और उन्हें आर्थिक संबल उपलब्ध कराने के उद्देश्य से कलेक्ट्रेट के प्रवेश हॉल में लगे स्टॉल से  कलेक्टर श्री तिवारी ने रंग-बिरंगे तोरण और कैंडल्स आदि हस्तनिर्मित सामग्री खरीदा और नगद भुगतान किया।

यहां बच्चों द्वारा तैयार ग्लास कैंडल, वॉल हैंगिंग, झालर, सजावटी दीये और अन्य आकर्षक उत्पाद प्रदर्शित किए गए।  डिप्टी कलेक्टर श्री प्रमोद चतुर्वेदी एवं महिला सशक्तिकरण अधिकारी सुश्री वनश्री कुर्वेती ने भी उत्पादों की खरीदारी कर बच्चों का उत्साहवर्धन किया।  यह स्टॉल महज उत्पादों की प्रदर्शनी नहीं, बल्कि बच्चों के हुनर को पहचान देने और उन्हें आत्मनिर्भरता की राह दिखाने का माध्यम बना। बच्चों की कलाकारी ने स्थानीय प्रतिभा को प्रोत्साहन देने के साथ वोकल फॉर लोकल का संदेश भी दिया। इन नन्हे हाथों की बनाई सामग्री ने दीपावली की खुशियों में सम्मान, स्वाभिमान और आत्मविश्वास की रोशनी भी जोड़ दी।

Share this:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

यह भी देखें