दीपावली पर प्रदेशवासियों के जीवन में सुख, समृद्धि और खुशहाली का प्रकाश आए, सरकार गरीबों, किसानों और युवाओं के हितों का भी ध्यान रखे: जीतू पटवारी

भोपाल। RPKP INDIA NEWS मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष जीतू पटवारी ने दीपावली के पावन पर्व पर प्रदेश के समस्त नागरिकों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। श्री पटवारी ने अपने शुभकामना संदेश में कहा कि दीपावली केवल दीप जलाने और खुशियां मनाने का पर्व नहीं है, बल्कि यह अंधकार पर प्रकाश, असत्य पर सत्य और निराशा पर आशा की विजय का प्रतीक है। यह पर्व हमें प्रेम, सद्भाव, भाईचारे और सामाजिक एकता के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा देता है।

उन्होंने कहा कि मेरी कामना है कि दीपावली का यह पावन पर्व प्रदेश के प्रत्येक परिवार के जीवन में सुख, शांति, समृद्धि और खुशहाली लेकर आए। किसानों की मेहनत को उचित सम्मान मिले, युवाओं को रोजगार के अवसर मिलें, महिलाओं को सुरक्षा और सम्मान मिले तथा गरीब एवं वंचित वर्ग के जीवन में भी खुशियों का उजाला पहुंचे।

श्री पटवारी ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से आग्रह किया कि दीपावली के इस पावन अवसर पर प्रदेश की जनता के हित में कुछ महत्वपूर्ण संकल्प लिए जाएं
1. महंगाई से राहत: आम जनता को खाद्य सामग्री, रसोई गैस और दैनिक उपयोग की वस्तुओं की बढ़ती कीमतों से राहत देने के लिए ठोस कदम उठाए जाएं।

2. किसानों की खुशहाली: किसानों की उपज का उचित मूल्य सुनिश्चित किया जाए। खाद, बीज और बिजली की पर्याप्त उपलब्धता के साथ उनकी समस्याओं का प्राथमिकता से समाधान हो।

3. युवाओं को रोजगार: प्रदेश के बेरोजगार युवाओं के लिए नई भर्तियां शुरू की जाएं तथा भर्ती परीक्षाओं में पारदर्शिता और समयबद्ध नियुक्तियां सुनिश्चित की जाएं।

4. गरीबों और जरूरतमंदों की सहायता: गरीब परिवारों, मजदूरों, छोटे व्यापारियों और जरूरतमंद लोगों के लिए विशेष राहत एवं कल्याणकारी योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन किया जाए।

5. प्रदेश में शांति और सद्भाव: दीपावली के अवसर पर कानून व्यवस्था, महिलाओं की सुरक्षा, स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण को प्राथमिकता दी जाए तथा सभी धर्मों और समुदायों के बीच आपसी प्रेम और भाईचारे को मजबूत किया जाए।

श्री पटवारी ने कहा कि त्योहारों की वास्तविक खुशी तभी सार्थक है, जब समाज का अंतिम व्यक्ति भी खुशहाल हो। सरकार का दायित्व है कि विकास और समृद्धि का लाभ केवल कुछ लोगों तक सीमित न रहे, बल्कि प्रदेश के प्रत्येक नागरिक तक पहुंचे।

अंत में श्री पटवारी ने प्रदेशवासियों से अपील की कि दीपावली का पर्व प्रेम, सद्भाव और आपसी भाईचारे के साथ मनाएं। जरूरतमंदों के घर भी खुशियों के दीप जलाएं और पर्यावरण के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाएं।

Share this:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

यह भी देखें