कटनी कलेक्टर की अपील: मिट्टी के दीये खरीदकर स्थानीय कारीगरों को दें बढ़ावा, जरूरतमंदों के साथ मनाएं दीपावली

कलेक्टर आशीष तिवारी ने जिलेवासियों को दी दीपावली की शुभकामनाएं, ग्रीन पटाखों के उपयोग और पर्यावरण अनुकूल त्योहार मनाने की अपील

कटनी। RPKP INDIA NEWS दीपावली के पावन अवसर पर कटनी कलेक्टर श्री आशीष तिवारी ने जिलेवासियों को सुख, शांति और समृद्धि की शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने नागरिकों से अपील की है कि दीपावली का पर्व केवल अपने घरों को रोशन करने तक सीमित न रखें, बल्कि जरूरतमंद परिवारों के जीवन में भी खुशियों का उजाला फैलाएं। साथ ही स्थानीय कारीगरों और महिला स्वसहायता समूहों को प्रोत्साहित करने के लिए स्वदेशी एवं स्थानीय उत्पादों की खरीदारी को प्राथमिकता दें।

कलेक्टर श्री तिवारी ने कहा कि दीपावली अंधकार पर प्रकाश और निराशा पर आशा की विजय का प्रतीक है। यह पर्व आपसी प्रेम, सद्भाव और भाईचारे को मजबूत करने का अवसर भी प्रदान करता है। उन्होंने सभी नागरिकों से स्वच्छता, सकारात्मकता और पर्यावरण संरक्षण को ध्यान में रखते हुए परिवार के साथ सुरक्षित एवं उत्साहपूर्वक दीपावली मनाने का आग्रह किया।

ग्रीन पटाखों के उपयोग और सुरक्षा का रखें ध्यान

कलेक्टर ने जिलेवासियों से पर्यावरण अनुकूल और प्रदूषण मुक्त दीपावली मनाने की अपील करते हुए कहा कि ध्वनि उत्पन्न करने वाले पटाखों पर रात्रि 10 बजे से सुबह 6 बजे तक प्रतिबंध का पालन करें। उन्होंने केवल ग्रीन पटाखों का उपयोग करने और पटाखे जलाते समय विद्युत सुरक्षा सहित सभी आवश्यक सावधानियां बरतने की सलाह दी।

उन्होंने कहा कि त्योहार की खुशियों के साथ पर्यावरण और आम नागरिकों की सुरक्षा का ध्यान रखना भी हम सभी की जिम्मेदारी है।

मिट्टी के दीये खरीदकर स्थानीय कारीगरों को दें प्रोत्साहन

कलेक्टर श्री तिवारी ने ‘वोकल फॉर लोकल’ और स्वदेशी उत्पादों को बढ़ावा देने की अपील करते हुए कहा कि जिले के कुम्हार अपने हुनर से मिट्टी के आकर्षक दीये तैयार करते हैं। वहीं, महिला स्वसहायता समूहों द्वारा पूजन सामग्री, पूजा बाती और सजावटी वस्तुएं बनाई जाती हैं।

उन्होंने नागरिकों से दीपावली की खरीदारी के दौरान स्थानीय उत्पादों को प्राथमिकता देने का आग्रह किया। मिट्टी के दीये अपनाकर स्थानीय कारीगरों और महिला स्वसहायता समूहों की मेहनत को सम्मान दिया जा सकता है। इससे उन्हें आर्थिक सहयोग मिलने के साथ स्थानीय रोजगार और अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी।

जरूरतमंद परिवारों के साथ भी बांटें त्योहार की खुशियां

कलेक्टर ने कहा कि खुशियां बांटने से बढ़ती हैं और दीपावली का वास्तविक आनंद तभी है, जब समाज के वंचित एवं जरूरतमंद परिवार भी इस उत्सव में शामिल हो सकें।

उन्होंने जिलेवासियों से अपने आसपास रहने वाले जरूरतमंद लोगों की सहायता करने, उनके साथ खुशियां साझा करने और उनके घरों तक भी दीपावली का उजाला पहुंचाने की अपील की। उन्होंने कहा कि आपसी सहयोग, प्रेम और अपनापन ही इस पर्व की असली भावना है।

Share this:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

यह भी देखें