गोवर्धन पूजा हमारी संस्कृति एवं पुरातन परंपरा का प्रतीक : विश्वामित्र पाठक
तरका गौशाला में विधि-विधान से हुआ गोवर्धन पूजन, गौवंश संरक्षण एवं पशुपालन को बढ़ावा देने का किया आह्वान
विधायक विश्वामित्र पाठक ने गौशाला का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा गौशाला संचालक को पर्याप्त चारा, भूसा, चरवाहों की व्यवस्था एवं गौवंश के समुचित रखरखाव के निर्देश दिए।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक विश्वामित्र पाठक ने कहा कि गोवर्धन पूजा हमारी संस्कृति एवं पुरातन परंपरा का अभिन्न अंग है। प्राचीन समय से ही प्रत्येक घर में गौवंश की पूजा-अर्चना और गौसेवा की परंपरा रही है। गौवंश हमारे जीवन का आधार होने के साथ आजीविका का महत्वपूर्ण साधन भी है। देश की बड़ी आबादी प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रूप से गौ-संवर्धन और पशुपालन से जुड़ी हुई है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ने गौशालाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के लिए प्रति गौवंश मिलने वाली प्रोत्साहन राशि 20 रुपये से बढ़ाकर 40 रुपये की है। इससे गौशालाओं के संचालन एवं गौवंश की देखभाल में सहायता मिलेगी। उन्होंने पशुपालकों से अपने पालतू मवेशियों को घर पर रखकर उनकी सेवा करने तथा गौशालाओं को निराश्रित एवं बेसहारा गौवंश के संरक्षण का केंद्र बनाए रखने की अपील की। गौशाला संचालक समूहों को पशुओं के लिए नियमित चारा-पानी, चराई एवं बेहतर प्रबंधन सुनिश्चित करने के लिए कहा।
विधायक ने डॉ. भीमराव अंबेडकर कामधेनु योजना सहित पशुपालन विभाग की विभिन्न योजनाओं की जानकारी देते हुए पशुपालकों से उन्नत नस्ल के पशुओं का पालन कर दुग्ध उत्पादन बढ़ाने और अपनी आय में वृद्धि करने का आह्वान किया।
एसडीएम सिहावल राकेश शुक्ला ने गोवर्धन पूजा के महत्व, गौशाला प्रबंधन तथा पशुपालन विभाग की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी। कार्यक्रम में विधायक ने गोपाल कृष्ण ग्राम पुरस्कार योजना के विजेता पशुपालकों को पुरस्कार एवं प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया।
इस अवसर पर एसडीएम राकेश शुक्ला, पुष्पेंद्र पाण्डेय, जनपद पंचायत सीईओ रोहित उपाध्याय, तहसीलदार हिमांशु शुक्ला, थाना प्रभारी राजेश पाण्डेय, सरपंच श्यामकली प्रजापति, पृथ्वीराज प्रजापति, शंकर लाल साहू, आशा सिंह, दिलीप सोनी, दिनेश कुशवाहा, राममिलन साकेत, चंद्रिका तिवारी, वंश बहादुर प्रजापति, डॉ. साक्षी पयासी, डॉ. विनीता पटेल, डॉ. कामना पटेल, बीपीओ कामता तिवारी, फूलकली जायसवाल, बृहस्पति पाण्डेय सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी एवं ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
