धार्मिक और आध्यात्मिक पर्यटन के क्षेत्र में महत्वपूर्ण राज्य के रूप में उभर रहा मध्यप्रदेश: मुख्यमंत्री डॉ. यादव
मध्यप्रदेश में सरकार और समाज ने मिलकर किए गोवर्धन पूजा के कार्यक्रम
वाराणसी में हुआ आयोजित अखिल भारतीय गोवर्धन पूजा उत्सव
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने किए देव दर्शन, मीडिया से भी की चर्चा
भगवान श्रीकृष्ण थे लोकतंत्र के नायक
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण लोकतंत्र के नायक थे। उन्होंने जीवन में कभी सत्ताधीश बनने का कार्य नहीं किया। उनका जीवन धर्म मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है। अन्याय के विरूद्ध सत्य की लड़ाई लड़ते हुए वे विजयी हुए। उन्होंने पूरे जीवन में साहस और मुस्कराकर जीने का संदेश भी दिया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कार्यक्रम के मुख्य अतिथि के रूप में समाज की प्रतिभाओं का सम्मान भी किया । कार्यक्रम को पूर्व सांसद श्री डीपी यादव, उत्तरप्रदेश सरकार में मंत्री श्री रविंद्र जायसवाल, उत्तरप्रदेश सरकार में मंत्री श्री दयाशंकर यादव, संयोजक श्री गोपाल यादव, श्री शिवनाथ यादव ने भी संबोधित किया। इस अवसर पर कैप्टन योगेंद्र यादव, अशोक यादव, विनोद यादव उपस्थित थे।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने काशी में गोवर्धन पूजा के पवित्र अवसर पर गोवर्धन नाथ मंदिर में दर्शन लाभ लिया। उन्होंने मीडिया प्रतिनिधियों से चर्चा में कहा कि भगवान श्रीकृष्ण का 5 हजार साल पुराना गौरवशाली इतिहास सभी को धर्म और सच्चाई के मार्ग पर चलने के लिए प्रेरित करता है। भगवान श्रीकृष्ण ने गोवर्धन पर्वत उठाकर इंद्र देव के अभिमान को खत्म किया था और प्रकृति से प्रेम का संदेश संपूर्ण विश्व को दिया था। कर्म आधारित जीवन पद्धति के लिए भगवान श्रीकृष्ण हम सभी की प्रेरणा के स्त्रोत हैं। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि सभी गोपालकों और यदुवंशियों की ओर से यह विश्वास व्यक्त करते हैं कि जब प्रभु श्रीराम अयोध्या में संपूर्ण वैभव के साथ विराजमान हुए हैं तो बहुत जल्द गोपाल कृष्ण भी मथुरा में मुस्कुराएंगे।
प्रधानमंत्री श्री मोदी ने किया है काशी में श्रद्धास्थलों का विकास
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि यह संतोष और हर्ष का विषय है कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी विभिन्न राष्ट्राध्यक्षों को पवित्र गीता की प्रति भेंट करने का कार्य कर रहे हैं। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि काशी के गंगाघाट सहित विभिन्न श्रद्धा स्थलों के विकास के लिए प्रधानमंत्री श्री मोदी ने महत्वपूर्ण कार्य किया है, जिसके लिए वे अभिनंदन के पात्र हैं। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने नमो घाट पर गोवर्धन पूजा के उत्सव में शामिल होने के साथ ही अनेक जनप्रतिनिधियों और नागरिकों से भेंट की।
