बरही अग्नि हादसा की मजिस्ट्रियल जांच के लिए साक्ष्य आमंत्रित प्रत्यक्षदर्शी, सामाजिक कार्यकर्ता एवं संस्थाएं 20 नवंबर तक दर्ज करा सकेंगे बयान और उपलब्ध करा सकेंगे महत्वपूर्ण जानकारी
अपर कलेक्टर कक्ष अथवा तहसील कार्यालय बरही में दर्ज करा सकते हैं साक्ष्य
(कटनी) बरही में हुए अग्नि हादसा में एक ही परिवार के छह सदस्यों की मृत्यु और दुकान में रखी प्लास्टिक एवं क्राकरी सामग्री पूरी तरह जलकर नष्ट होने की घटना की विस्तृत मजिस्ट्रियल जांच की जा रही है। इस संबंध में कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी श्री आशीष तिवारी द्वारा जारी आदेश के तहत अपर कलेक्टर की अध्यक्षता में गठित जांच दल को घटना की विस्तृत जांच का दायित्व सौंपा गया है।
मजिस्ट्रियल जांच समिति के अध्यक्ष एवं अपर कलेक्टर श्री नीलांबर मिश्र ने जांच के मद्देनजर आम नागरिकों, प्रत्यक्षदर्शियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं संस्थाओं से घटना से संबंधित जानकारी, साक्ष्य, दस्तावेज और अन्य प्रासंगिक तथ्य उपलब्ध कराने प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष का आग्रह किया है।
इच्छुक व्यक्ति 11 नवंबर से 20 नवंबर तक किसी भी कार्यालयीन कार्यदिवस में सुबह 10 बजे से शाम 6 बजे तक अपने बयान, गवाही अथवा साक्ष्य दर्ज करा सकते हैं। इसके लिए कार्यालय कलेक्टर कटनी स्थित अपर कलेक्टर कक्ष अथवा कार्यालय तहसीलदार बरही स्थित तहसीलदार कक्ष में स्वयं उपस्थित होकर या अपने अभिभावक अथवा अधिकृत प्रतिनिधि के माध्यम से जानकारी प्रस्तुत किया जा सकता है निर्धारित अवधि समाप्त होने के बाद प्राप्त होने वाले मौखिक अथवा लिखित साक्ष्यों पर विचार नहीं किया जाएगा। निर्धारित समयावधि में प्राप्त जानकारी एवं उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर विस्तृत जांच प्रतिवेदन तैयार कर वरिष्ठ अधिकारियों को प्रस्तुत किया जाएगा।
विदित हो कि मजिस्ट्रियल जांच हेतु कलेक्टर श्री तिवारी द्वारा गठित दल में अपर कलेक्टर की अध्यक्षता में सदस्य के तौर पर एसडीओपी विजयराघवगढ़ श्री वीरेन्द्र धार्वे, सीएमओ कैमोर श्री मनीष परते और इएंडएम के सहायक यंत्री ज्योति यादव को दल में शामिल किया गया है।
