कलेक्टर ने ग्राम जटवा पहुंचकर किसान के नवाचार को सराहा

वर्मी कंपोस्ट इकाई एवं गौ-काष्ठ निर्माण कार्य का किया निरीक्षण

(जबलपुर) कलेक्टर अरुण कुमार विश्वकर्मा ने आज पनागर विकासखंड के ग्राम जटवा पहुंचकर कृषक ब्रजेश कुमार विश्वकर्मा द्वारा संचालित वर्मी कंपोस्ट (केंचुआ खाद) इकाई, गौ-काष्ठ व पराली पेलेट निर्माण कार्य का निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने गोबर और पराली के मिश्रण से तैयार किए जा रहे पेलेट के निर्माण की प्रक्रिया का अवलोकन किया। कृषक ब्रजेश कुमार विश्वकर्मा द्वारा पराली को जलाने के बजाय गोबर के साथ मिलाकर ईंधन के रूप में लकड़ी का विकल्प तैयार करने के नवाचार की कलेक्टर ने सराहना की।

कलेक्टर श्री विश्वकर्मा ने कहा कि गोबर और पराली से गौ-काष्ठ बनाने का यह प्रयास पर्यावरण प्रदूषण रोकने और वनों की कटाई कम करने में सहायक है। साथ ही यह किसानों और ग्रामीण युवाओं के लिए आत्मनिर्भर बनने तथा अतिरिक्त आय अर्जित करने का अच्छा माध्यम भी है।

उन्होंने मौके पर मौजूद अधिकारियों को इस मॉडल से अन्य किसानों को भी जोड़ने के निर्देश दिए, ताकि क्षेत्र में पराली प्रबंधन और जैविक खाद उत्पादन को प्रोत्साहन मिल सके। इस अवसर पर एमपीआईडीसी के कार्यकारी निदेशक अनिल राठौर, ग्रामीण एसडीएम कलावती ब्यारे, कृषि उप संचालक उमेश कटहरे तथा संबंधित अधिकारी एवं बड़ी संख्या में किसान उपस्थित थे।

Share this:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

यह भी देखें