जनजातीय गौरव दिवस के रूप में मनाई भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती

जनजातीय बाहुल्य ग्राम बांका में हुआ भव्य आयोजन मेधावी छात्रों सहित उत्कृष्ट शिक्षकों व प्रगतिशील कृषकों का हुआ सम्मान स्कूल शिक्षा मंत्री द्वारा बिरसिंहपुर में सांदीपनि विद्यालय खोलने की हुई घोषणा

(सतना) भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती के अवसर पर रविवार को जनपद पंचायत मझगवां के ग्राम पंचायत बांका में दीन दयाल शोध संस्थान एवं जय बिरसा मुंडा शोध समिति बांका के सहयोग से जनजातीय गौरव दिवस का कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा भगवान बिरसा मुंडा की विशाल प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं सभी के द्वारा पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया। कार्यक्रम में मध्यप्रदेश सरकार के स्कूल शिक्षा एवं परिवहन मंत्री श्री उदय प्रताप सिंह के मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम की अध्यक्षता मध्यप्रदेश राज्य अनुसूचित जनजाति आयोग के अध्यक्ष श्री रामलाल रौतेल द्वारा की गई। कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में नगरीय विकास एवं आवास राज्यमंत्री श्रीमती प्रतिमा बागरी, सांसद गणेश सिंह विधायक चित्रकूट सुरेन्द्र सिंह गहरवार, जिला पंचायत अध्यक्ष रामखेलावन कोल, जिला पंचायत उपाध्यक्ष सुस्मिता सिंह, जिला पंचायत सदस्य संजय सिंह, जिलाध्यक्ष भगवती प्रसाद पाण्डेय, अध्यक्ष सामाजिक कार्यकर्ता श्री चूणामणि सिंह, जनपद सदस्य एवं अध्यक्ष जय बिरसा मुंडा शोध समिति बांका श्रीमति सोना बाई सिंह, सरपंच बांका श्री वैजनाथ प्रजापति, कलेक्टर सतना डॉ सतीश कुमार एस, पुलिस अधीक्षक सतना हंसराज सिंह, सीईओ जिला पंचायत सपना त्रिपाठी, एसडीएम महिपाल सिंह गुर्जर, डिप्टी कलेक्टर संदीप परस्ते सहित स्थानीय जनप्रतिनिध तथा बडी संख्या में ग्रामीण जन उपस्थित रहे।

स्कूल शिक्षा एवं परिवहन मंत्री श्री उदय प्रताप सिंह ने कहा कि केंद्र सरकार आदिवासी समाज के सर्वांगीण विकास के लिए लगातार प्रयास कर रही है। प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में 15 नवंबर 2021 से शुरू हुआ ‘जनजातीय गौरव दिवस’ आज एक राष्ट्रीय उत्सव बन गया है। भारत रत्न नानाजी देशमुख का प्रकल्प दीनदयाल शोध संस्थान भी जनजातीय समाज के उत्थान के लिए विशेष पहल कर रहा है, उसका उत्कृष्ट उदाहरण मझगवां स्थित कृष्णा देवी वनवासी बालिकाओं का विद्यालय है। इस मौके पर स्कूल शिक्षा मंत्री ने मंच से बिरसिंहपुर में भी सांदीपनी विद्यालय खोलने की घोषणा की। नगरीय विकास एवं आवास राज्यमंत्री श्रीमती प्रतिमा बागरी ने कहा कि धर्म बदलने से नहीं शिक्षा ग्रहण करने से जीवन और समाज बदलता है। भगवान बिरसा मुंडा ने धर्मांतरण को नकारते हुए जल, जंगल और जमीन के रक्षार्थ अपने प्राणों की आहुति दी। राज्यमंत्री ने कहा कि सरकार जनजाति वर्ग के कल्याण के लिए हमेशा प्रतिबद्ध है।

सतना सांसद श्री गणेश सिंह ने कहा कि पूरा देश भगवान बिरसा मुंडा की 151वी जयंती को उत्सव के रूप में मना रहा है। बिरसा मुंडा भारत के लिए स्वाभिमान गौरव सांस्कृतिक एकता और स्वतंत्रता के प्रतीक थे। विधायक चित्रकूट सुरेंद्र सिंह गहरवार ने कहा कि जो व्यक्ति देश और समाज के लिए समर्पित भाव से जीता है, उसी को भगवान का दर्जा दिया जाता है। उन्होंने जनजातीय समाज में नशा की बढ़ रही कुसंगति पर अपना खेद व्यक्त किया, और कहा कि नशा एक ऐसा सामाजिक अभिशाप है जिससे कोई भी समाज स्वस्थ प्रगति करने में असफल रहता है। मध्यप्रदेश राज्य अनुसूचित जनजाति आयोग के अध्यक्ष श्री रामलाल रौतेल ने कहा कि धर्मांतरण के माध्यम से जनजातीय समाज को सनातन परंपरा से अलग करने का प्रयास किया जा रहा है। इस विघटनकारी षणयंत्र से हमें बचना होगा।

सांस्कृतिक कार्यक्रम में बच्चों ने नाट्य के माध्यम से नशा मुक्ति का दिया संदेश

जनजातीय संस्कृति एवं परंपरा पर आधारित सांस्कृतिक कार्यक्रमों का मंचन किया गया। विद्यालय के बच्चों ने अपने पारंपरिक वेश में सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी। जिसमें कृष्णा देवी बनवासी बालिका विद्यालय की बच्चियों द्वारा छत्तीसगढ़ के भुईया मा धान के कटोरा लोक नृत्य की प्रस्तुति, जीना है तो पापा शराब मत पीना नाट्य की प्रस्तुति, सीएम राइस विद्यालय मझगवां के छात्रों द्वारा हमीन आदिवासी रे नृत्य, कपूर एजुकेशन एकेडमी विद्यालय के छात्रों द्वारा जेहि रखे तीर कमान दुनिया वाल हम तो आदिवासी आन की प्रस्तुति, ज्ञानोदय हाईस्कूल बिरसिंहपुर के छात्रों द्वारा नशा मुक्ति पर नाटक, लिटिल फ्लावर बिरसिंहपुर के छात्रों द्वारा बिरसा मुंडा जी पर नाट्य, रामनाथ आश्रम शाला के बच्चों द्वारा लोक नृत्य दिवारी की आकर्षक प्रस्तुति दी गई। सभा स्थल के प्रमुख मंच के दाहिने तरफ संत समाज के लिए अलग से मंच बनाया गया और वहीं दूसरी ओर सांस्कृतिक कार्यक्रमों के ही अंतर्गत 6 विद्यालयों के बच्चों द्वारा मनमोहक आकर्षक सांस्कृतिक प्रस्तुति दी गई। इस दौरान अतिथियों द्वारा जनपद पंचायत मझगवां के सहयोग से मेधावी छात्र-छात्राओं एवं आदर्श अभिभावकों का सम्मान किया गया, इसके अलावा उत्कृष्ट शिक्षकों का सम्मान तथा प्रगतिशील कृषकों का सम्मान व वॉलीबॉल प्रतियोगिता में प्रतिभागी टीमों को पुरस्कृत किया गया। इस अवसर पर नशा मुक्त ग्राम और नशा मुक्त जीवन के लिए मंच से कार्यक्रम में मौजूद सभी लोगों के बीच शपथ दिलवाई गई।

Share this:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

यह भी देखें