नरवाई प्रबंधन रथ को सांसद डॉ राजेश मिश्रा ने हरी झंडी दिखाकर किया रवाना
(सीधी) जिले में नरवाई जलाने से होने वाले पर्यावरणीय नुकसान को रोकने तथा किसानों को फसल अवशेष प्रबंधन के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से सांसद डॉ राजेश मिश्रा द्वारा रविवार को ग्राम टमसार में नरवाई प्रबंधन रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। इस अवसर पर धौहनी विधायक कुंवर सिंह टेकाम एवं जिला पंचायत अध्यक्ष मंजू सिंह उपस्थित रहे।
जनप्रतिनिधियों ने रथ को रवाना करते हुए किसानों से नरवाई नहीं जलाने तथा फसल अवशेषों का उचित प्रबंधन करने की अपील की। उन्होंने कहा कि नरवाई जलाने से मिट्टी की उर्वरता प्रभावित होती है तथा पर्यावरण प्रदूषण के साथ खेतों की जैविक गुणवत्ता को भी नुकसान पहुंचता है। फसल अवशेषों का उचित प्रबंधन कर उन्हें जैविक खाद के रूप में उपयोग किया जा सकता है, जिससे भूमि की उर्वरता बनाए रखने में मदद मिलती है।
नरवाई प्रबंधन रथ के माध्यम से गांव-गांव पहुंचकर किसानों को नरवाई प्रबंधन के बेहतर तरीकों, पर्यावरण संरक्षण तथा आधुनिक कृषि पद्धतियों के प्रति जागरूक किया जाएगा।
