बच्चों को उनके अधिकारों एवं सुरक्षा के प्रति जागरूक करने विधिक जागरूकता शिविर आयोजित

POCSO एक्ट, बाल विवाह प्रतिषेध एवं किशोर न्याय अधिनियम की दी जानकारी

(भोपाल) राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण (NALSA) के निर्देशानुसार, मध्यप्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण,जबलपुर (MPSLSA) के निर्देशन तथा प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, भोपाल के अध्यक्ष श्री मनोज कुमार श्रीवास्तव के मार्गदर्शन में शासकीय संदीपनी उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, बैरसिया में विधिक जागरूकता शिविर आयोजित किया गया। शिविर का उद्देश्य विद्यार्थियों को उनके अधिकारों, सुरक्षा, शिक्षा एवं विधिक संरक्षण से संबंधित कानूनों की जानकारी देकर जागरूक करना तथा उनमें आत्मविश्वास एवं सुरक्षित वातावरण के प्रति समझ विकसित करना था।कार्यक्रम में अतिरिक्त जिला एवं अपर सत्र न्यायाधीश एवं अध्यक्ष, तहसील विधिक सेवा समिति, बैरसिया श्री पवन बांदिल ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि प्रत्येक बच्चे को सुरक्षित वातावरण, शिक्षा, सम्मान और भयमुक्त जीवन जीने का अधिकार है। उन्होंने बच्चों को अपने अधिकारों के प्रति सजग रहने तथा किसी भी प्रकार की हिंसा, परेशानी अथवा शोषण की स्थिति में बिना भय के अपने अभिभावकों एवं संबंधित अधिकारियों को जानकारी देने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने साइबर सुरक्षा, ऑनलाइन धोखाधड़ी एवं साइबर अरेस्ट जैसे अपराधों के प्रति भी विद्यार्थियों को जागरूक करते हुए उनसे बचाव के उपाय बताए।

अतिरिक्त जिला एवं अपर सत्र न्यायाधीश एवं विशेष न्यायाधीश (POCSO) सुश्री श्वेता गोयल ने बाल संरक्षण से संबंधित महत्वपूर्ण कानूनी प्रावधानों की जानकारी दी। उन्होंने लैंगिक अपराधों से बालकों का संरक्षण अधिनियम, 2012 (POCSO), किशोर न्याय (बालकों की देखरेख एवं संरक्षण) अधिनियम, 2015 तथा बाल विवाह प्रतिषेध अधिनियम, 2006 के प्रावधानों को सरल भाषा में समझाया। उन्होंने विद्यार्थियों को अच्छे एवं बुरे स्पर्श की पहचान, लैंगिक शोषण से बचाव, अपराधों की रिपोर्टिंग तथा POCSO अधिनियम के अंतर्गत अपराधों की सूचना देने के कानूनी दायित्व के बारे में विस्तार से बताया। साथ ही बच्चों को किसी भी अनुचित व्यवहार या शोषण की स्थिति में चुप न रहने और तत्काल विश्वसनीय व्यक्ति अथवा संबंधित प्राधिकरण को सूचित करने के लिए प्रेरित किया।

शिविर के माध्यम से विद्यार्थियों को बाल अधिकारों, कानूनी संरक्षण एवं व्यक्तिगत सुरक्षा के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया गया।

Share this:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

यह भी देखें