कलेक्टर श्री तिवारी ने भरौली और इमलिया के खेतों में पहुंचकर हार्वेस्टर के स्‍ट्रा मैनेजमेंट सिस्टम एवं बेलर मशीन से पराली प्रबंधन का लिया जायजा

(कटनी) कलेक्टर श्री आशीष तिवारी मंगलवार को ऊबड़-खाबड़ रास्तों से पैदल चलकर ग्राम भरौली और इमलिया के खेतों में पहुँचे और आधुनिक कृषि मशीनों के माध्यम से किए जा रहे पराली प्रबंधन का निरीक्षण किया। उन्‍होंने खेतों में हार्वेस्टर के स्‍ट्रा मैनेजमेंट सिस्टम तथा बेलर मशीन के उपयोग से कृषि अवशेषों को एकत्रित करने की प्रक्रिया देखी। साथ ही ग्राम भरौली के किसान दूधिया प्रसाद और ग्राम इमलिया के वीरेंद्र सिंह के खेत में ही खड़े-खड़े चर्चा कर मशीनों के उपयोग, उनकी उपयोगिता और नरवाई प्रबंधन को लेकर उनके अनुभव भी जाने।पराली से 2500 से 3000 रुपये प्रति टन तक हो सकती है आमदनी बेलर मशीन के माध्यम से धान की पराली सहित अन्य कृषि अवशेषों को एकत्रित कर बेल तैयार की जाती है।

इन बेलों की बायोमास पेलेट प्लांट में 2500 से 3000 रुपये प्रति टन तक बिक्री होती है। कृषि यांत्रिकी विभाग कटनी से प्राप्त इस मशीन की कीमत लगभग 4 लाख रुपये है, जिसमें करीब 2 लाख रुपये का अनुदान मिलता है। मशीन की प्रतिदिन 8 से 10 टन कृषि अवशेष एकत्रित करने की क्षमता है। अब तक जिले में लगभग 300 एकड़ क्षेत्र से पराली एकत्रित की जा चुकी है।

कृषि अवशेषों से तैयार हो रहे बायोमास पैलेट कलेक्टर ने ग्राम इमलिया स्थित एस.के. एग्रो एंड ग्रीन एनर्जी के बायो फ्यूल प्‍लांट का भी जायजा लिया। वीरेंद्र सिंह द्वारा संचालित इस इकाई में किसानों से धान, गेहूं, मक्का, सरसों, चना एवं कपास सहित विभिन्न फसलों के कृषि अवशेष 2500 से 3000 रुपये प्रति  टन की दर से खरीदे जाते हैं। इनसे बायोमास पैलेट तैयार कर 7000 से 8000 रुपये प्रति टन की दर से एनटीपीसी पावर प्लांट सिंगरौली भेजे जाते हैं। उद्योग की उत्पादन क्षमता प्रतिदिन लगभग 15 से 20 टन है।

Share this:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

यह भी देखें