जनसुनवाई में कलेक्टर श्रीमती बिदिशा मुखर्जी ने 77 आवेदनों पर की सुनवाई
आमजन की समस्याओं के निराकरण में संवेदनशीलता और तत्परता बरतें अधिकारी – कलेक्टर श्रीमती मुखर्जी
(मैहर) कलेक्ट्रेट सभागार मैहर में मंगलवार को आयोजित जिला स्तरीय जनसुनवाई में कलेक्टर श्रीमती बिदिशा मुखर्जी ने जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे नागरिकों की समस्याएं एवं शिकायतें सुनीं। जनसुनवाई में कुल 77 आवेदन प्राप्त हुए। कलेक्टर ने प्रत्येक आवेदन पर गंभीरतापूर्वक विचार करते हुए संबंधित विभागीय अधिकारियों को आवेदनों की जांच कर नियमानुसार समय-सीमा में संतुष्टिपूर्ण एवं गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जनसुनवाई में ग्राम भरौली के एक आवेदक ने नहर के किनारे हुए अवैध अतिक्रमण के कारण खेतों तक पहुंचने का रास्ता बंद होने की समस्या रखी। आवेदक ने बताया कि रास्ता अवरुद्ध होने से किसानों को अपने खेतों तक आवागमन करने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। इस पर कलेक्टर ने संबंधित अधिकारी को स्थल का निरीक्षण कर समस्या की जांच करने तथा नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई करते हुए निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इसी प्रकार ग्राम आमातारा के निवासी ने आदिवासी कन्या छात्रावास के लिए स्वीकृत स्थल में परिवर्तन किए जाने की मांग प्रस्तुत की। आवेदक ने बताया कि प्रस्तावित स्थल मुख्य मार्ग से लगभग दो किलोमीटर अंदर स्थित है तथा श्मशान घाट की भूमि से लगा हुआ है।
कलेक्टर श्रीमती मुखर्जी ने प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए संबंधित विभागीय अधिकारी को प्रस्तावित स्थल का निरीक्षण एवं परीक्षण कर वस्तुस्थिति के आधार पर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। जनसुनवाई में विद्युत आपूर्ति,प्रधानमंत्री आवास योजना, भूमि सीमांकन, सड़क निर्माण एवं पेयजल सहित विभिन्न जनसमस्याओं से संबंधित आवेदन भी प्राप्त हुए। कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनसुनवाई में प्राप्त प्रत्येक आवेदन का प्राथमिकता के आधार पर परीक्षण किया जाए। आवेदकों को अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें तथा प्रत्येक प्रकरण में की गई कार्रवाई से उन्हें अवगत कराते हुए संतुष्टिपूर्ण निराकरण सुनिश्चित किया जाए। इस अवसर पर अपर कलेक्टर श्री रोशन राय, एसडीएम श्रीमती दिव्या पटेल सहित विभिन्न विभागों के जिला अधिकारी उपस्थित रहे।
