जिले में 22 से 24 नवंबर तक चलेगा पल्स पोलियो अभियान

5 वर्ष तक के 3 लाख 89 हजार 257 बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाने का लक्ष्य

(जबलपुर) जिले में राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान का आयोजन  22 नवम्बर से 24 नवम्बर   तक किया जाएगा। अभियान के अंतर्गत जिले में 0 से 5 वर्ष तक के कुल 3 लाख 89 हजार 257 बच्चों को पोलियो की दो बूंद दवा पिलाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।

अभियान के सफल एवं प्रभावी संचालन के लिए जिले में कुल 2 हजार 435 पल्स पोलियो बूथ बनाए गए हैं और 4 हजार 870 वैक्सीनेटरों की ड्यूटी लगाई गई है। इसके अतिरिक्त ऐसे बच्चे जो अभियान के प्रथम दिवस बूथ तक नहीं पहुंच पाएंगे, उन्हें पोलियो की खुराक पिलाने के लिए 83 मोबाइल टीमों का गठन किया गया है।

इसी प्रकार हाईरिस्क क्षेत्रों, विशेषकर ईंट भट्टों में रहने वाले परिवारों एवं उनके बच्चों तक पहुंच सुनिश्चित करने के लिए 79 ट्रांजिट टीमों की व्यवस्था की गई है। साथ ही 2 टीम बरगी डेम डूब क्षेत्र में भी विशेष टीमों का गठन किया गया है, ताकि कोई भी बच्चा पोलियो की खुराक पीने से वंचित न रहे।

अभियान के अंतर्गत गठित सभी टीमों के कार्यों की निगरानी एवं पर्यवेक्षण के लिए कुल 310 सुपरवाइजरों की ड्यूटी लगाई गई है। इनके द्वारा बूथों एवं क्षेत्रीय टीमों के कार्यों का नियमित निरीक्षण किया जाएगा तथा अभियान की प्रगति की समीक्षा की जाएगी।

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ नवीन कोठारी ने जबलपुर जिले के नागरिकों से अपील की है कि वे 22 नवम्बर  को अपने 0 से 5 वर्ष तक के सभी बच्चों को नजदीकी पल्स पोलियो बूथ पर ले जाकर पोलियो की दो बूंद दवा अवश्य पिलवाएं। यदि किसी कारणवश बच्चा बूथ पर नहीं पहुंच पाता है, तो आगामी दिनों में मोबाइल टीमों के माध्यम से उसे पोलियो की खुराक पिलाई जाएगी।

 

Share this:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

यह भी देखें