शिकायतों को अनावश्यक ट्रांसफर करने वाले अधिकारियों पर लगेगा अर्थदण्ड, अंतरविभागीय समन्वय बैठक में कलेक्टर श्रीमती चौहान ने दिए निर्देश

मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान व जिला पर्यावरण योजना की भी बैठक में हुई समीक्षा

(ग्वालियर) जिन अधिकारियों द्वारा सीएम हैल्पलाइन पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों को अनावश्यक दूसरे विभाग को स्थानांतरित किया जा रहा है, उन्हें लोक सेवा गारंटी कानून के तहत कारण बताओ नोटिस जारी करें। साथ ही उनसे अर्थदण्ड भी वसूलें। इस आशय के निर्देश कलेक्टर श्रीमती रुचिका चौहान ने अंतरविभागीय समन्वय बैठक में सीएम हैल्पलाइन शिकायतों की समीक्षा के दौरान दिए। उन्होंने विभागीय अधिकारियों सहित सभी एसडीएम को निर्देश दिए कि अधिक दिनों से लंबित शिकायतों को स्वयं देखें और अभियान बतौर निराकरण कराएं। सोमवार को कलेक्ट्रेट के सभागार में आयोजित हुई बैठक में मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान एवं मुख्यमंत्री द्वारा ग्वालियर जिले के भ्रमण के समय की गई घोषणाओं पर हुए अमल की समीक्षा भी विशेष रूप से की गई। कलेक्टर श्रीमती चौहान ने विभागीय अधिकारियों से कहा कि सीएम द्वारा की गईं घोषणाओं को गंभीरता से लें और तत्परता से उन पर अमल करें। इसमें कोई ढ़िलाई बर्दाश्त नहीं होगी। बैठक में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री सोजान सिंह रावत, अपर कलेक्टर श्री सी बी प्रसाद, विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी एवं एसडीएम मौजूद थे।

जन-विश्वास शिविर से पहले करें उस क्षेत्र की सीएम हैल्पलाइन शिकायतों का निराकरण

मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान के तहत लगाए जा रहे शिविरों से पहले अभियान बतौर सीएम हैल्पलाइन शिकायतों के निराकरण के निर्देश कलेक्टर श्रीमती रुचिका चौहान ने संबंधित अधिकारियों को दिए। बैठक में बताया गया कि इस बार शुक्रवार 27 नवम्बर को नगर निगम के पुरानी छावनी क्षेत्र में जिला स्तरीय शिविर प्रस्तावित है। नगर निगम सहित सभी विभागीय अधिकारियों को शिविर से पहले उस क्षेत्र की सीएम हैल्पलाइन शिकायतों के निराकरण के निर्देश दिए गए।

जिला पर्यावरण योजना की भी हुई समीक्षा

कलेक्टर श्रीमती रुचिका चौहान द्वारा जिला पर्यावरण योजना (डिस्ट्रिक्ट एनवायरमेंट प्लान) की समीक्षा भी की गई। बैठक में जिला पर्यावरण योजना का प्रजेंटेशन प्रस्तुत किया गया, जिसमें कचरा प्रबंधन, वायु गुणवत्ता सुधार, ध्वनि प्रदूषण नियंत्रण, वेटलैंड प्रबंधन तथा खनन गतिविधियों से जुड़े प्रमुख विषय शामिल थे। प्रजेंटेशन में कचरा संग्रहण एवं प्रबंधन, बायोमेडिकल वेस्ट, औद्योगिक कचरा, ई-वेस्ट तथा मोबाइल फोन की दुकानों से निकलने वाले कचरे के उचित निपटान से संबंधित बिंदुओं पर भी जानकारी दी गई। कलेक्टर श्रीमती चौहान ने पर्यावरण संरक्षण के लिए संबंधित विभागों को आपसी समन्वय से कार्य करने तथा योजना में शामिल बिंदुओं पर प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने पर्यावरणीय मानकों का पालन कराने और प्रदूषण नियंत्रण के लिए नियमित निगरानी पर जोर दिया। साथ ही नगर निगम से निकलने वाले ई-वेस्ट प्रबंधन पर भी बल दिया।

 

Share this:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

यह भी देखें