खाद्य सुरक्षा प्रशासन की तीन प्रतिष्ठानों पर कार्रवाई, 9 खाद्य नमूने जांच हेतु लिए गए

56 दुकान स्थित पुष्पक रेस्टोरेंट, ओल्ड कोलकाता रोल और पिपलियापाला स्थित ओशन ग्रिल बार एंड रेस्टोरेंट का किया निरीक्षण

(इन्दौर) खाद्य सुरक्षा प्रशासन द्वारा प्राप्त शिकायतों के आधार पर शहर के तीन खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर खाद्य पदार्थों के कुल 9 नमूने गुणवत्ता परीक्षण के लिए संग्रहित किए गए। निरीक्षण के दौरान खाद्य प्रतिष्ठानों में साफ-सफाई, खाद्य पदार्थों के रखरखाव एवं स्वच्छता संबंधी व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया।

खाद्य सुरक्षा प्रशासन के निरीक्षण दल द्वारा 56 दुकान स्थित पुष्पक रेस्टोरेंट का निरीक्षण किया गया। प्रतिष्ठान संचालक श्री अर्पित जैन की उपस्थिति में किए गए निरीक्षण के दौरान परिसर में साफ-सफाई की व्यवस्था उचित नहीं पाई गई। साथ ही खाद्य कर्मियों के मेडिकल फिटनेस प्रमाणपत्र तथा खाद्य पदार्थों के निर्माण में उपयोग किए जाने वाले पानी की जांच रिपोर्ट भी उपलब्ध नहीं मिली। निरीक्षण के दौरान प्रतिष्ठान से तुअर दाल, पनीर, पाव, पावभाजी की भाजी एवं सोयाबीन तेल के कुल 5 नमूने गुणवत्ता परीक्षण के लिए संग्रहित किए गए। पाई गई कमियों के संबंध में प्रतिष्ठान संचालक को सुधार सूचना पत्र जारी किया जा रहा है।

इसी क्रम में खाद्य सुरक्षा दल द्वारा पिपलियापाला स्थित ओशन ग्रिल बार एंड रेस्टोरेंट का औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान प्रतिष्ठान के प्रभारी श्री मंजीत होरा उपस्थित थे। दल द्वारा फ्रीजर की डीप क्लीनिंग करने तथा नॉनवेज कच्चे खाद्य पदार्थों की समुचित साफ-सफाई एवं व्यवस्थित रखरखाव सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। मौके से चिकन मंचो सूप एवं पनीर के कुल 2 खाद्य नमूने गुणवत्ता परीक्षण के लिए संग्रहित किए गए।

इसके अलावा 56 दुकान स्थित ओल्ड कोलकाता रोल का भी निरीक्षण किया गया। यहां से वेज मंचूरियन नूडल्स एवं पनीर के कुल 2 खाद्य नमूने जांच हेतु लिए गए।

खाद्य सुरक्षा प्रशासन द्वारा तीनों प्रतिष्ठानों से संग्रहित कुल 9 खाद्य नमूने प्रयोगशाला में गुणवत्ता परीक्षण के लिए भेजे जा रहे हैं। प्रयोगशाला से जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद नियमानुसार अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

Share this:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

यह भी देखें