जनगणना-2027 के द्वितीय चरण के लिए फील्ड ट्रेनर्स का तीन दिवसीय प्रशिक्षण 2 दिसंबर से, दो बैच में दिया जाएगा प्रशिक्षण जनवरी-फरवरी 2027 में होगा जनसंख्या गणना का मैदानी कार्य

(कटनी) जनगणना-2027 के द्वितीय चरण यानी जनसंख्या गणना की तैयारियां जिले में तेज हो गई हैं। इस महत्वपूर्ण कार्य को व्यवस्थित और त्रुटिरहित ढंग से संपन्न कराने के लिए नियुक्त फील्ड ट्रेनर्स को तीन दिवसीय प्रशिक्षण दिया जाएगा। कलेक्टर श्री आशीष तिवारी के निर्देश पर यह प्रशिक्षण दो अलग-अलग बैचों में कलेक्ट्रेट के नवीन सभागार में आयोजित होगा।

प्रथम बैच का प्रशिक्षण 2 से 4 दिसंबर 2026 तक आयोजित किया जाएगा। इसमें जिला स्तर के फील्ड ट्रेनर्स शामिल होंगे। वहीं नगर निगम एवं नगर परिषद के फील्ड ट्रेनर्स के लिए द्वितीय बैच का प्रशिक्षण 7 से 9 दिसंबर तक होगा। दोनों बैचों का प्रशिक्षण प्रतिदिन सुबह 10:30 बजे से शाम 6 बजे तक चलेगा।

भारत सरकार के गृह मंत्रालय के जनगणना कार्य निदेशालय, मध्यप्रदेश भोपाल से प्राप्त निर्देशों के अनुसार जनगणना-2027 के द्वितीय चरण का मैदानी कार्य जनवरी-फरवरी 2027 में किया जाना है। इसके तहत जनसंख्या गणना का कार्य संपादित होगा। इस कार्य की महत्ता को देखते हुए फील्ड ट्रेनर्स को निर्धारित प्रक्रिया और जिम्मेदारियों का प्रशिक्षण दिया जाएगा, ताकि मैदानी स्तर पर गणना का कार्य सुचारू रूप से पूरा हो सके।कलेक्टर श्री तिवारी ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि प्रशिक्षण में शामिल होने वाले सभी फील्ड ट्रेनर्स को प्रशिक्षण प्रारंभ होने से एक दिन पहले कार्यमुक्त किया जाए, जिससे वे निर्धारित समय पर उपस्थित होकर प्रशिक्षण प्राप्त कर सकें।

Share this:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

यह भी देखें