नल-जल योजना शुरू कराने ग्रामीणों ने खोला मोर्चा, सैकड़ों की संख्या में पहुंचे विधायक कार्यालय
पूर्व सरपंच प्रियंका राजेश तिवारी के नेतृत्व में ग्रामीणों ने रखी समस्या, विधायक श्रीकांत चतुर्वेदी ने जल्द निराकरण का दिया आश्वासन
मैहर। RPKP INDIA NEWS केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी जल जीवन मिशन हर घर नल जल योजना का कार्य मैहर जिले की ग्राम पंचायत चौपड़ा के अंतर्गत आने वाले सरला नगर में अब तक प्रारंभ न हो पाने से ग्रामीणों में भारी आक्रोश व्याप्त है। इसी समस्या को लेकर ग्राम पंचायत चौपड़ा के पूर्व सरपंच प्रियंका राजेश तिवारी के नेतृत्व में सैकड़ों की संख्या में महिलाएं और ग्रामीण विधायक कार्यालय पहुंचे और अपनी पीड़ा व्यक्त की।
विधायक कार्यालय पहुंचे ग्रामीणों और महिलाओं ने विधायक श्रीकांत चतुर्वेदी को बताया कि योजना के स्वीकृत होने के बावजूद सरला नगर में अब तक नल जल योजना का कार्य शुरू नहीं हो सका है। पेयजल की समुचित व्यवस्था न होने के कारण ग्रामीणों को दैनिक जीवन में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। विशेष रूप से महिलाओं को दूर-दराज से पानी लाने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है।
ग्रामीणों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए विधायक श्रीकांत चतुर्वेदी ने तत्काल संज्ञान लिया। उन्होंने मौके पर ही संबंधित विभागीय अधिकारियों से फोन पर चर्चा की और योजना का कार्य अब तक शुरू न होने पर नाराजगी जताते हुए समस्या के जल्द से जल्द निराकरण के निर्देश दिए।

विधायक श्रीकांत चतुर्वेदी ने ग्रामीणों को आश्वस्त करते हुए कहा, क्षेत्र की जनता को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना मेरी सर्वोच्च प्राथमिकता है। मैं आपकी मांगों को जल्द से जल्द पूरा करने का हरसंभव प्रयास करूंगा और शीघ्र ही सरला नगर में नल जल योजना का कार्य प्रारंभ कराया जाएगा।

विधायक के इस ठोस आश्वासन के बाद ग्रामीणों ने संतोष व्यक्त किया और उम्मीद जताई कि अब जल्द ही उनके घरों तक नल के माध्यम से शुद्ध पेयजल पहुंच सकेगा। कार्यक्रम में मुख्य रूप से पूर्व सरपंच प्रियंका राजेश तिवारी, दयाकांत पाण्डेय रिंकू, सुशील पाल एवं सैकड़ों की संख्या में महिलाएं व चौपड़ा पंचायत के निवासी उपस्थित रहे।
✍️ सुनील कुमार दहिया
RPKP INDIA NEWS
सरला नगर मैहर
