विजयराघवगढ़ में जिला स्तरीय रोजगार मेला 30 नवंबर को रोजगार मेले के आयोजन हेतु कलेक्टर श्री तिवारी ने अधिकारियों को सौंपे दायित्व
(कटनी) जिले के बेरोजगार युवाओं को रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से सोमवार, 30 नवंबर को शासकीय महाविद्यालय विजयराघवगढ़ में जिला स्तरीय रोजगार मेले का आयोजन किया जाएगा। मेला सुबह 11 बजे से शाम 3 बजे तक चलेगा। इसमें विभिन्न कंपनियों द्वारा युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के साथ ही शासन की स्वरोजगार योजनाओं की जानकारी दी जाएगी। मेले के सफल आयोजन के लिए कलेक्टर श्री आशीष तिवारी ने विभिन्न विभागों के अधिकारियों को जिम्मेदारियां सौंपी हैं। जारी आदेश के अनुसार जिला पंचायत सीईओ सुश्री हरसिमरनप्रीत कौर को जिला स्तरीय नोडल अधिकारी बनाया गया है, जबकि अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक को कानून एवं व्यवस्था की जिम्मेदारी दी गई है।
जिला रोजगार अधिकारी राज्य स्तर से चयनित एवं स्थानीय कंपनियों को आमंत्रित कर उपलब्ध रिक्त पदों की जानकारी संकलित करेंगे। जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र के महाप्रबंधक स्थानीय उद्योगों और नियोजकों से संपर्क कर रोजगार संबंधी जानकारी उपलब्ध कराएंगे। वहीं आईटीआई कटनी सहित अन्य संस्थानों को विद्यार्थियों की सहभागिता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। जिला शिक्षा अधिकारी पात्र युवाओं की प्री-काउंसलिंग और मेले के प्रचार-प्रसार की जिम्मेदारी संभालेंगे।
युवाओं को स्वरोजगार योजनाओं की जानकारी देने के लिए पशुपालन, आदिम जाति कल्याण, मत्स्य, श्रम, उद्यानिकी, कृषि, खादी, अल्पसंख्यक एवं पिछड़ा वर्ग विभाग को मेले में योजनाओं से संबंधित स्टॉल लगाने के निर्देश दिए गए हैं। इन स्टॉलों के माध्यम से युवाओं को विभागीय योजनाओं और स्वरोजगार के लिए उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी दी जाएगी।
मेले में स्वास्थ्य सुविधाओं के लिए चिकित्सक, एम्बुलेंस एवं आवश्यक दवाइयों की व्यवस्था रहेगी। नगर परिषद विजयराघवगढ़ को साफ-सफाई, पेयजल एवं अन्य मूलभूत व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने तथा एमपीईबी को निर्बाध विद्युत आपूर्ति के निर्देश दिए गए हैं। महिला एवं बाल विकास विभाग और मध्यप्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन को भी व्यापक प्रचार-प्रसार की जिम्मेदारी सौंपी गई है।जिला प्रशासन ने बेरोजगार युवाओं से रोजगार मेले में शामिल होकर रोजगार एवं स्वरोजगार के उपलब्ध अवसरों का लाभ उठाने की अपील की है।
