पात्र हितग्राहियों को दिलायें प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना एवं मुख्यमंत्री लाड़ली लक्ष्मी योजना का लाभ
कलेक्टर श्री तिवारी आंगनवाड़ी केंद्रों में बच्चों की उपस्थिति बढ़ाने सुनिश्चित करें गुणवत्तापूर्ण प्री-स्कूल शिक्षा जिला पोषण समिति की बैठक में कलेक्टर ने किया योजनाओं की समीक्षा
(कटनी) प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना एवं मुख्यमंत्री लाड़ली लक्ष्मी योजना के अंतर्गत सभी पात्र हितग्राहियों को योजना का लाभ दिलाना सुनिश्चित करें। साथ ही प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना में शून्य प्रगति वाले आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं पर कार्रवाई करें। कलेक्टर श्री आशीष तिवारी ने यह निर्देश गुरूवार को आयोजित जिला पोषण समिति की बैठक में दिए। इस दौरान जिला पंचायत सीईओ सुश्री हरसिमरनप्रीत कौर, जिला कार्यक्रम अधिकारी श्री अब्दुल गफ्फार एवं सहायक संचालक सुश्री वनश्री कुर्वेती सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहें।
बैठक में आंगनवाड़ी केंद्रों के माध्यम से संचालित पोषण सेवाओं, बच्चों की उपस्थिति, कुपोषण प्रबंधन तथा महिला एवं बाल विकास विभाग की विभिन्न योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई। कलेक्टर श्री तिवारी ने 6 वर्ष तक के बच्चों के आधार कार्ड बनाने में आ रही समस्याओं का संबंधित विभागों से समन्वय कर निराकरण करने के निर्देश दिए। साथ ही आंगनवाड़ी केंद्रों में पंजीकृत बच्चों एवं महिलाओं की आभा आईडी और अपार आईडी बनवाने तथा सभी पात्र हितग्राहियों को टेक होम राशन एवं गर्म पका भोजन उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने मुख्यमंत्री लाड़ली लक्ष्मी योजना के अंतर्गत सभी हितग्राही बालिकाओं का समग्र सत्यापन कराने के निर्देश भी दिए।
कलेक्टर श्री तिवारी ने आंगनवाड़ी केंद्रों में बच्चों की उपस्थिति बढ़ाने के लिए विशेष प्रयास करने पर जोर देते हुए कहा कि केंद्रों में सेवाओं का बेहतर क्रियान्वयन और गुणवत्तापूर्ण प्री-स्कूल शिक्षा सुनिश्चित की जाए। उन्होंने सैम एवं मैम बच्चों का सही चिन्हांकन कर पोषण ट्रैकर पर पंजीयन, मुख्यमंत्री बाल आरोग्य संवर्धन कार्यक्रम के माध्यम से पोषण प्रबंधन तथा नियमित फॉलोअप करने के निर्देश भी दिए।
कलेक्टर ने सभी आंगनवाड़ी केंद्रों में समुदाय आधारित गतिविधियों और वीएचएसएनडी दिवसों का नियमित आयोजन सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने कुपोषित बच्चों को पोषण पुनर्वास केंद्रों में भर्ती कर उनके स्वास्थ्य एवं पोषण स्तर में सुधार लाने तथा केंद्रों के सभी बेड शत-प्रतिशत भरे जाने के निर्देश दिए।
