कटनी में सरकारी चावल का बड़ा घोटाला! 31 ट्रक रास्ते से गायब, 4.42 करोड़ के गबन का आरोप; चार साझेदारों पर FIR

कटनी। RPKP INDIA NEWS । मध्य प्रदेश के कटनी जिले से सार्वजनिक वितरण प्रणाली (PDS) के तहत दूसरे जिलों में भेजे गए फोर्टिफाइड चावल की बड़ी खेप गायब होने का मामला सामने आया है। जांच में 31 ट्रकों में लदा हजारों क्विंटल चावल संबंधित जिलों के गोदामों तक नहीं पहुंचा। इतना ही नहीं, चावल की डिलीवरी साबित करने के लिए कथित तौर पर फर्जी पावती भी पेश की गई। मामले में रंगनाथ नगर पुलिस ने परिवहनकर्ता फर्म भाग्य लक्ष्मी रोड लाइंस के चार साझेदारों के खिलाफ FIR दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

गायब हुए चावल की कीमत करीब 4 करोड़ 42 लाख 71 हजार 718 रुपये बताई गई है। यह मामला सरकारी खाद्यान्न के परिवहन और वितरण व्यवस्था में गंभीर गड़बड़ी की ओर इशारा करता है।

32 ट्रक रवाना हुए, गोदाम पहुंचा सिर्फ एक

मध्य प्रदेश स्टेट सिविल सप्लाइज कॉरपोरेशन (नान), कटनी के प्रभारी जिला प्रबंधक रविकांत ठाकुर ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वित्तीय वर्ष 2025-26 के दौरान कटनी से हरदा, नीमच और इंदौर के लिए कुल 32 ट्रक फोर्टिफाइड चावल भेजे गए थे।

लेकिन जांच में सामने आया कि संबंधित जिलों के गोदामों में केवल एक ट्रक ही पहुंचा। बाकी 31 ट्रकों में लदा 21 हजार 765 बोरी यानी 10 हजार 797.18 क्विंटल चावल अपने निर्धारित गंतव्य तक नहीं पहुंचा।

फर्जी पावती देकर चावल पहुंचने का दावा

मामले में परिवहनकर्ता फर्म भाग्य लक्ष्मी रोड लाइंस के साझेदार किशन केशरवानी ने नोटिस मिलने के बाद सभी ट्रकों की पावती प्रस्तुत की थी। इसके बाद हरदा, नीमच और इंदौर के जिला प्रबंधकों से इन दस्तावेजों का भौतिक सत्यापन कराया गया।

सत्यापन के दौरान पावतियों में गंभीर गड़बड़ियां सामने आईं। जांच में पाया गया कि दस्तावेजों पर केंद्र प्रभारियों की सील और हस्ताक्षर कंप्यूटर से कॉपी-पेस्ट किए गए थे। संबंधित गोदामों के आवक रजिस्टर और ऑनलाइन पोर्टल पर भी चावल प्राप्त होने का कोई रिकॉर्ड नहीं मिला।

इससे चावल की डिलीवरी को लेकर पेश किए गए दस्तावेजों की विश्वसनीयता पर सवाल खड़े हो गए।

इसे भी देखे :-  1 दिसंबर से बदलेंगे ये 5 बड़े नियम: LPG-ATF के नए रेट से SBI क्रेडिट कार्ड तक, टाटा की कारें भी होंगी महंगी

हरदा, नीमच और इंदौर के लिए भेजा गया था चावल

शिकायत के अनुसार, गायब चावल की खेप अलग-अलग जिलों के लिए रवाना की गई थी। इनमें हरदा के 14, नीमच के 10 और इंदौर के 7 ट्रकों का चावल गंतव्य तक नहीं पहुंचा।

अप्रैल 2025 से मार्च 2026 के बीच जिलों के लिए भेजे गए चावल का विवरण इस प्रकार बताया गया है:

  • हरदा: 14 ट्रकों से 4,763 क्विंटल चावल
  • नीमच: 10 ट्रकों से 3,569 क्विंटल चावल
  • इंदौर: 8 ट्रकों से 2,641 क्विंटल चावल

हरदा के 14 और इंदौर के 8 ट्रकों से संबंधित पावतियों में काट-छांट और छेड़छाड़ भी सामने आने की बात कही गई है।

भोपाल और रीवा के चार साझेदारों पर FIR

नान के प्रभारी जिला प्रबंधक की शिकायत के आधार पर रंगनाथ नगर पुलिस ने भाग्य लक्ष्मी रोड लाइंस के चार साझेदारों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।

आरोपितों में शामिल हैं:

  • दीपक जैन, निवासी भोपाल
  • किशन केशरवानी, निवासी चाकघाट, रीवा
  • शांति मिश्रा, निवासी चाकघाट, रीवा
  • मनोज कुमार तिवारी, निवासी त्योंथर, रीवा

पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जांच के दौरान चावल के परिवहन, दस्तावेजों और संबंधित लोगों की भूमिका की पड़ताल की जाएगी।

क्या होता है फोर्टिफाइड चावल?

फोर्टिफाइड चावल सामान्य चावल की तुलना में पोषण के लिहाज से विशेष रूप से तैयार किया जाता है। इसमें आयरन, फोलिक एसिड और विटामिन B-12 जैसे सूक्ष्म पोषक तत्व मिलाए जाते हैं।

इसका उद्देश्य लोगों में पोषण की कमी, एनीमिया और कुपोषण जैसी समस्याओं से बचाव में मदद करना है। सार्वजनिक वितरण प्रणाली के माध्यम से ऐसे चावल जरूरतमंद परिवारों तक पहुंचाए जाते हैं। ऐसे में बड़ी मात्रा में चावल गायब होने का मामला खाद्यान्न वितरण व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करता है।

कलेक्टर की जांच में भी सामने आई गड़बड़ी

चावल गायब होने की शिकायत के बाद कटनी कलेक्टर आशीष तिवारी ने मामले की जांच कराई थी। जांच दल को परिवहनकर्ता फर्म का काम निविदा की शर्तों के विपरीत मिला।

जानकारी के अनुसार, भाग्य लक्ष्मी रोड लाइंस को वर्ष 2024-25 के लिए परिवहन का अनुबंध मिला था। मामले के सामने आने के बाद मध्य प्रदेश नागरिक आपूर्ति निगम, भोपाल के प्रबंध संचालक ने फर्म को कटनी जिले के परिवहन कार्य के लिए प्रतिबंधित भी कर दिया है।

खाद्य मंत्री ने सात दिन में मांगी जांच रिपोर्ट

मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रदेश के खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने भी जांच के निर्देश दिए हैं। मंगलवार को मुख्यालय स्तर के अधिकारियों का जांच दल गठित कर सात दिनों के भीतर रिपोर्ट प्रस्तुत करने को कहा गया है।

अब पुलिस जांच और विभागीय पड़ताल के बाद यह स्पष्ट हो सकेगा कि सरकारी चावल की इतनी बड़ी खेप आखिर कहां गई और इस पूरे मामले में किन लोगों की क्या भूमिका रही।

Share this:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

यह भी देखें