बाल विवाह की रोकथाम हेतु कलेक्टर और एसपी ने हरी झंडी दिखाकर किया जागरूकता रथ रवाना
(कटनी) बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीति को समाप्त करने और आमजन को इसके प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से विवाह उन्मूलन के अंतरराष्ट्रीय दिवस के उपलक्ष्य में शुक्रवार को कलेक्ट्रेट कार्यालय से जागरूकता रथ रवाना किया गया। कलेक्टर श्री आशीष तिवारी एवं पुलिस अधीक्षक श्री अभिनय विश्वकर्मा ने हरी झंडी दिखाकर रथ को रवाना किया।
इस अवसर पर जिला पंचायत सीईओ सुश्री हरसिमरनप्रीत कौर, जिला कार्यक्रम अधिकारी श्री अब्दुल गफ्फार, सहायक संचालक महिला एवं बाल विकास सुश्री वनश्री कुर्वेती, बाल संरक्षण अधिकारी श्री मनीष तिवारी सहित विभागीय अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा बाल विवाह मुक्त भारत अभियान के तहत तैयार किया गया यह जागरूकता रथ जिले के सभी विकासखंडों में भ्रमण करेगा। शैक्षणिक संस्थानों, आंगनवाड़ी केंद्रों और सार्वजनिक स्थानों तक पहुंचकर रथ के माध्यम से लोगों को बाल विवाह के दुष्परिणामों और इसकी रोकथाम के प्रति जागरूक किया जाएगा। रथ के जरिए बाल विवाह मुक्त भारत के निर्माण का संकल्प घर-घर तक पहुंचाने के साथ ही आमजन को बाल विवाह प्रतिषेध अधिनियम 2006 के कानूनी प्रावधानों की जानकारी भी दी जाएगी।
