किरहाई पिपरिया की नन्हीं सृष्टि ने कविता सुनाकर जीता कलेक्टर का दिल, बच्चों के लिए तत्काल झूले की व्यवस्था के निर्देश
(कटनी) आंगनवाड़ी केंद्र किरहाई पिपरिया में बच्चों की खिलखिलाहट के बीच शुक्रवार को एक ऐसा आत्मीय पल आया, जिसने सबके चेहरों पर मुस्कान बिखेर दी। मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के तहत ग्राम किरहाई पिपरिया पहुंचे कलेक्टर श्री आशीष तिवारी जब बच्चों के बीच बैठे, तो नन्हीं सृष्टि की मासूमियत ने उनका मन मोह लिया।
कलेक्टर ने सृष्टि से कविता सुनाने को कहा। छोटी-सी बच्ची ने पूरे उत्साह से ‘मेरा छोटा चुन्नू कहा गयो रे…’ कविता सुनाई। उसकी मीठी आवाज और मासूम अदाओं ने माहौल को खुशनुमा बना दिया। कलेक्टर ने भी प्यार से उसका हौसला बढ़ाया। कविता पूरी हुई, तो सृष्टि ने अपने मन की बात कह दी। उसने कलेक्टर श्री तिवारी से आंगनवाड़ी केंद्र में बच्चों के खेलने के लिए ट्रैम्पोलिन झूला लगाने की मंशा जाहिर किया। नन्हीं बच्ची की इस छोटी-सी इच्छा में बच्चों की बड़ी खुशी छिपी थी।
कलेक्टर श्री तिवारी ने भी नन्ही सृष्टि की बात को गंभीरता से सुना और मौके पर मौजूद अधिकारी को तत्काल आंगनवाड़ी केंद्र में झूले की व्यवस्था करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इसके लिए आवश्यक राशि वे स्वयं उपलब्ध कराएंगे। सृष्टि की मासूम मांग पर मिली इस त्वरित पहल ने बच्चों के चेहरों पर खुशी बिखेर दी। कविता की एक छोटी-सी प्रस्तुति ने आंगनवाड़ी केंद्र में बच्चों के सपनों को नई उड़ान देने का रास्ता खोल दिया।
