पुरानी कचहरी में सिविल डिफेंस मॉक ड्रिल आयोजित, हवाई हमले और आपदा से निपटने का किया अभ्यास
(कटनी) हवाई हमले, बम विस्फोट और आगजनी जैसी आपात परिस्थितियों में जान-माल की सुरक्षा और राहत-बचाव कार्यों की तैयारियों को परखने के लिए गुरुवार को पुरानी कचहरी परिसर में सिविल डिफेंस एवं आपदा प्रबंधन मॉक ड्रिल आयोजित की गई। कलेक्टर श्री आशीष तिवारी के मार्गदर्शन में सुबह 6 बजे से आयोजित इस अभ्यास में होमगार्ड, एसडीईआरएफ, पुलिस, नगर निगम, विद्युत विभाग और आपदा मित्र स्वयंसेवकों ने आपसी समन्वय के साथ विभिन्न परिस्थितियों में त्वरित कार्रवाई का प्रदर्शन किया।
मॉक ड्रिल के दौरान हवाई हमले की स्थिति निर्मित कर ब्लैकआउट का अभ्यास कराया गया। इसके साथ ही बम गिरने से आगजनी होने की स्थिति में अग्निशमन वाहन के जरिए तत्काल आग बुझाने, प्रभावित क्षेत्र में खोज एवं बचाव कार्य करने तथा घायलों को सुरक्षित बाहर निकालने का अभ्यास किया गया।
अभ्यास के दौरान बहुमंजिला इमारत में फंसे करीब 20 से 21 घायलों को स्ट्रेचर, फायरमैन लिफ्ट, सीढ़ी और फुल बॉडी हार्नेस की मदद से सुरक्षित नीचे उतारा गया। इसके बाद घायलों को प्राथमिक उपचार देने की प्रक्रिया का भी प्रदर्शन किया गया। मॉक ड्रिल के माध्यम से यह परखा गया कि आपात स्थिति में विभिन्न विभाग कितनी तत्परता और बेहतर तालमेल के साथ राहत एवं बचाव कार्य कर सकते हैं।
इस अभ्यास में होमगार्ड के 18 जवान, एसडीईआरएफ के 2 जवान, पुलिस बल के 35 जवान और सिविल डिफेंस एवं आपदा मित्र के 53 स्वयंसेवकों ने भाग लिया। डिस्ट्रिक्ट कमांडेंट होमगार्ड श्री आरएस बघेल, रक्षित निरीक्षक श्रीमती अंजू लकड़ा, फायर नियंत्रण अधिकारी श्री मृदुल श्रीवास्तव, प्लाटून कमांडर श्री विजयांश चौधरी, सहायक नियंत्रण अधिकारी श्री शैलेन्द्र दुबे, सेवानिवृत्त सिविल डिफेंस अधिकारी श्री आरपी त्रिपाठी एवं सेवानिवृत्त होमगार्ड श्री तिलकेश्वर परौहा के मार्गदर्शन में पूरी गतिविधि संपन्न हुई। मॉक ड्रिल में विभिन्न विभागों के बीच समन्वय, त्वरित प्रतिक्रिया और सुरक्षित बचाव की कार्यप्रणाली का अभ्यास किया गया, ताकि वास्तविक आपदा के समय प्रभावी ढंग से राहत एवं बचाव कार्य संचालित किए जा सकें।
