सीएम हेल्पलाइन 181 की कार्यप्रणाली पर सवाल, बिना समाधान शिकायतें बंद होने के आरोप, न्याय के लिए भटक रहे पीड़ित
सवालों के घेरे में सीएम हेल्पलाइन 181: 90% शिकायतकर्ता हुए असंतुष्ट, उठे सवाल, कागजों पर सिमटा समाधान…?
(छतरपुर) मध्य प्रदेश की आम जनता को त्वरित न्याय दिलाने और उनकी समस्याओं के घर बैठे समाधान के उद्देश्य से शुरू की गई महत्वाकांक्षी ‘सीएम हेल्पलाइन 181’ की विश्वसनीयता पर अब गंभीर सवाल खड़े होने लगे हैं। ताजा दावों के मुताबिक, हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज कराने वाले करीब 90 प्रतिशत शिकायतकर्ता विभागों की कार्रवाई से असंतुष्ट हैं, जिससे इस व्यवस्था पर आम लोगों का भरोसा लगातार कमजोर हो रहा है।
कागजों पर निपटारा, धरातल पर समस्या बरकरार….
शिकायतकर्ताओं का आरोप है कि विभिन्न सरकारी विभागों में व्याप्त अनियमितताओं और लापरवाही को लेकर 181 पर गुहार लगाने के बावजूद कोई ठोस कदम नहीं उठाया जाता। कई मामलों में संबंधित अधिकारी शिकायतकर्ता से संपर्क किए बिना या समस्या का वास्तविक निराकरण किए बगैर ही मनमानी रिपोर्ट लगाकर शिकायत को ‘बंद’ (क्लोज) कर देते हैं।
वारंट के बाद भी गिरफ्तारी नहीं, न्याय में हो रही देरी….
व्यवस्था की सुस्ती का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि माननीय न्यायालय द्वारा गिरफ्तारी वारंट जारी किए जाने के बावजूद पुलिस प्रशासन द्वारा आरोपियों की धरपकड़ नहीं की जा रही है। इसके अतिरिक्त, चेक बाउंस जैसे गंभीर मामलों में भी आरोपी लगातार न्यायालय में पेश होने से बच रहे हैं। पुलिस और प्रशासन की इस ढिलाई के कारण पीड़ित पक्ष को न्याय मिलने में अनावश्यक देरी हो रही है।
जवाबदेही पर उठते सवाल….
ऐसे में यह बड़ा सवाल खड़ा हो गया है कि जब पीड़ितों को इस मंच से राहत ही नहीं मिल रही, तो सीएम हेल्पलाइन 181 का मूल उद्देश्य कैसे पूरा होगा ? आम नागरिकों में इस बात को लेकर भारी रोष है कि क्या लापरवाह और भ्रष्ट अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाएगी, या फिर जनता को यूं ही सरकारी दफ्तरों और न्यायालयों के चक्कर लगाने के लिए मजबूर होना पड़ेगा।
जनता की स्पष्ट मांग है कि प्रशासन केवल पोर्टल पर शिकायतों के निराकरण के आंकड़े दिखाने के बजाय धरातल पर वास्तविक और ठोस कार्रवाई सुनिश्चित करे, ताकि लोगों का विश्वास बहाल हो सके।
