कटनी में अर्न्तराज्यीय बस अड्डा बनाने के होंगे प्रयास
जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक सम्पन्न
कटनी – कटनी जिले में ट्रान्सपोर्ट नगर के पास अर्न्तराज्यीय बस अड्डा के लिये 6 हैक्टेयर भूमि आवंटित की गई है। जिले के चारों ओर की दिशायें पर्यटन केन्द्रों से जुड़ी होने के फलस्वरुप आवंटित भूमि पर अर्न्तराज्यीय बस अड्डा बनाने के प्रयास शुरु किये जायेंगे। इस आशय के निर्णय सांसद खजुराहो श्री वी.डी. शर्मा की अध्यक्षता में सोमवार को सम्पन्न जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में लिये गये। इस मौके पर विधायक सर्वश्री संदीप जायसवाल, प्रणय प्रभात पाण्डे, कलेक्टर शशिभूषण सिंह, पुलिस अधीक्षक ललित शाक्यवार, पार्टी अध्यक्ष रामरतन पायल, पूर्व महापौर शशांक श्रीवास्तव, पीताम्बर टोपनानी, आरटीओ एम.डी. मिश्रा भी उपस्थित थे।
सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में पुलिस अधीक्षक ललित शाक्यवार ने बताया कि जिले के चिन्हित ब्लैक स्पॉट्स का संबंधित थाना प्रभारियों के साथ भौतिक सत्यापन कर लिया गया है। जिनमें रोड एजेन्सी के स्वामित्व वाले विभाग और एजेन्सी से समन्वय कर सड़क सुरक्षा उपकरण लगाने एवं सुधारात्मक कार्यवाही की जायेगी। सुरक्षित यातायात के व्यस्ततम पन्ना तिराहे पर मानक स्तर के स्पीड ब्रेकर और ट्रैफिक सिग्नल लगाने नगर निगम को जिम्मेदारी सौंपी गई है। विधायक मुड़वारा की विधायक निधि से प्राप्त 3 लाख रुपये के स्पीड ब्रेकर से कटनी शहर के चिन्हित मार्गों पर पन्ना तिराहा, कोतवाली तिराहा, खिरहनी चौकी, कुन्दनदास स्कूल के पास, विश्राम बाबा गेट, यातायात थाना, गर्ग तिराहा, सुभाष चौक से कचहरी चौक और इंदिरा नगर मेन रोड पर स्पीड ब्रेकर लगाकर यातायात सुरक्षित किया जा रहा है। आरटीओ ने बताया कि ट्रान्सपोर्ट नगर के पास कलेक्टर द्वारा 15 एकड़ की भूमि अर्न्तराज्यीय बस स्टेण्ड के लिये आवंटित कर दी गई है। एसीसी मार्ग कटनी में पहुंच रास्ते पर स्ट्रीट लाईट लगा दी गई है। कटनी नदी के ऊपर एवं अन्य पुलियों पर रोड में कैट आई एवं पुलियों के दोनों ओर रिफ्लैक्टर लगाने की कार्यवाही प्रस्तावित है।

