देर शाम शहर भ्रमण कर कलेक्टर ने देखीं व्यवस्थायें
कटनी – कलेक्टर शशिभूषण सिंह ने मंगलवार को देर शाम कटनी शहर का भ्रमण कर नगर निगम द्वारा यातायात व्यवस्था और सौंदर्यीकरण के लिये कराये जा रहे कार्यों का निरीक्षण किया। इस मौके पर आयुक्त नगर निगम सतेन्द्र धाकरे, कार्यपालन यंत्री राकेश शर्मा और सुधीर मिश्रा भी उपस्थित रहे।
कलेक्टर श्री सिंह ने दुगाड़ी नाला के पास कटनी-जबलपुर मार्ग पर पुराने पुल के किनारे स्थापित हाईमास्ट लाईट का निरीक्षण किया। उन्होने हाईमास्ट लाईट पोस्ट के पास त्रिकोण को विकसित करने और पुल के छोर से सड़क की चौड़ाई तक रिटेनिंग वॉल बनाने के निर्देश दिये। ताकि किसी भी प्रकार की वाहन दुर्घटना को रोका जा सके। कलेक्टर ने माधवनगर गेट के पास चौराहे के सामने दोनों तरफ फाउन्टेन और हरित पट्टिका के सौंदर्यीकरण के कार्य का निरीक्षण किया। उन्होने ग्रीन बेल्ट और फाउन्टेन का शेष फिनिशिंग कार्य शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिये। उन्होने माधवनगर गेट से कुन्दनदास स्कूल तक निर्मित सड़क के चौड़ीकरण और आदिम जाति कल्याण थाना के सामने के चौराहे से सर्किट हाउस की ओर जाने वाली सड़क पर उचित स्ट्रीट लाईट प्रकाश की व्यवस्था करने के निर्देश दिये।
कलेक्टर श्री सिंह ने मंगलनगर पहुंचकर नगर निगम द्वारा अमृत योजना से विकसित मंगलनगर पार्क का भी निरीक्षण किया। उन्होने पार्क में हरियाली और प्रकाश की उचित व्यवस्था करने तथा पार्क के पीछे माई नदी घाट का भी सुव्यवस्थित विकास करने के निर्देश दिये।
मंगलनगर से वापस लौटकर कलेक्टर श्री सिंह ने आरओबी मुड़वारा स्टेशन के पास ब्रिज निर्माण एजेन्सी द्वारा कराये जा रहे सर्विस लेन सड़क के निर्माण का भी निरीक्षण किया। उन्होने सर्विस लेन की चौड़ाई दोनो तरफ बढ़ाकर नाली तक सर्विस लेन रोड बनाने के निर्देश दिये ताकि दोनो तरफ की सर्विस लेन से दो वाहन एक साथ निकल सकें।
द्वारिका सिटी गेट के सामने से हटवाई क्रेन पार्किंग
कलेक्टर श्री सिंह ने नगर भ्रमण के दौरान द्वारिका सिटी गेट चौराहे का भी निरीक्षण कर आवश्यकता अनुसार सौंदर्यीकरण के कार्य कराने के निर्देश दिये। उन्होने द्वारिका सिटी गेट चौराहे पर नाली को कव्हर कर कराये गये सड़क चौड़ीकरण के कार्य का अवलोकन किया। द्वारिका सिटी गेट के समीप से चौंड़ीकृत सड़क पर स्थानीय क्रेन सर्विस द्वारा अवैध क्रेन पार्किंग किये जाने पर अप्रसन्नता व्यक्त करते हुये अपने सामने ही सड़क पर की गई अवैध क्रेन पार्किंग को हटवाया।
आजाद चौक से चाण्डक चौक तक सीवर लाईन पूर्ण
कार्यपालन यंत्री नगर निगम राकेश शर्मा ने बताया कि आजाद चौक से चाण्डक चौक तक आरओबी की सर्विस लेन बनाने सीवर लाईन डालने का कार्य होने तक कार्य रुका हुआ था। आजाद चौक से चाण्डक चौक तक की सीवर लाईन डालने का कार्य पूर्ण हो गया है। अब एजेन्सी द्वारा चाण्डक चौक से घंटाघर तक सीवर लाईन डालने का कार्य किया जा रहा है। कलेक्टर श्री सिंह ने सीवर लाईन का कार्य पूर्ण होने के फलस्वरुप आरओबी की दोनो तरफ की सर्विस लेन बनाने का कार्य तेज करने के निर्देश दिये।
विश्राम बाबा गेट के पेवर ब्लॉक कार्य का अवलोकन
कलेक्टर श्री सिंह ने विश्राम बाबा गेट के पास सड़क चौड़ीकरण और पेवर ब्लॉक बिछाने के कार्य का भी निरीक्षण किया। उन्होने पीडब्ल्यूडी ऑफिस के पास सड़क चौड़ीकरण का शेष कार्य कार्यपालन यंत्री लोक निर्माण से चर्चा कर शीघ्र पूर्ण कराने के निर्देश दिये।

