ग्रामीण विकास विभाग के अधिकारियों की समीक्षा बैठक संपन्न –

( छिन्दवाड़ा )

    कलेक्टर श्री सौरभ कुमार सुमन की अध्यक्षता में आज कलेक्टर कार्यालय के सभाकक्ष में ग्रामीण विकास विभाग के अधिकारियों की समीक्षा बैठक संपन्न हुई। बैठक में मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री गजेंद्र सिंग नागेश, मनरेगा और अन्य योजनाओं के परियोजना अधिकारी, श्रम पदाधिकारी श्री संदीप मिश्रा और अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित थे। कलेक्टर श्री सुमन ने वीडियो कांफ्रेंस के माध्यम से जिले के सभी जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों और जनपद पंचायतों में कार्यरत ग्रामीण यांत्रिकी सेवायें विभाग के सहायक व उप यंत्रियों से भी चर्चा कर उन्हें आवश्यक दिशा निर्देश दिये।
बैठक में कलेक्टर श्री सुमन ने निर्देश दिये कि मनरेगा योजना में अधिक से अधिक मजदूरों को कार्यो में नियोजित करें और निर्माणाधीन सभी कार्यो को पूर्ण करें। उन्होंने निर्देश दिये कि गरीब कल्याण योजना, उद्यानिकी, नंदन फलोद्यान, नैनो आर्चर्ड आदि के पौधारोपण कार्यो को शीघ्र पूर्ण कर उपयोगिता प्रमाण पत्र प्रस्तुत करें तथा 5 दिनों के भीतर पौधारोपण के सभी कार्यो का भौतिक सत्यापन कर जो कार्य पूर्ण नहीं हुये है उन्हें तत्काल बंद कर इन कार्यो पर व्यय हुई राशि की संबंधित अधिकारी से वसूली करें। उन्होंने निर्देश दिये कि मनरेगा के विभिन्न निर्माण कार्यों, प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के आवास भवन, महिला एवं बाल विकास विभाग के आंगनवाड़ी व अन्य भवन निर्माण, खेत तालाब, मेढ़ बंधान, तालाब निर्माण, कपिलधारा कूप, सीसी रोड, आदि सभी अपूर्ण कार्यो को एक माह के भीतर पूर्ण करें, अन्यथा संबंधित संविदा उप यंत्रियों और संविदा पर नियुक्त अन्य संबंधित अधिकारियों की सेवायें समाप्त करने तथा अन्य अधिकारियों व कर्मचारियों को निलंबित करने की कार्यवाही की जायेगी। उन्होंने निर्देश दिये कि अभी तक जो कार्य प्रारंभ नहीं हुये है उन्हें निरस्त करें और स्वीकृत राशि वापस करें।
कलेक्टर श्री सुमन ने बैठक में निर्देश दिये कि बाढ़ से प्रभावित हितग्राहियों के स्वीकृत आवासों का निर्माण कार्य 10 दिनों के भीतर प्रारंभ करें। यदि कहीं भूमि की समस्या हो तो संबंधित तहसीलदार से संपर्क कर भूमि चिन्हांकित करायें और निर्माण कार्य प्रारंभ करें। इन कार्यों में मजदूरों के नियोजन के लिये मस्टर रोल जारी करें। बाढ़ से प्रभावित व्यक्तियों के प्रधानमंत्री आवास योजना-शहरी के अंतर्गत भी पात्रता के अनुसार आवास स्वीकृत करें और राशि स्वीकृत कर आवास निर्माण कार्य प्रारंभ करें। उन्होंने निर्देश दिये कि रोजगार सेतु पोर्टल पर सभी प्रवासी श्रमिकों का पंजीयन करायें और ऐसे सभी जॉब कार्डधारी प्रवासी श्रमिकों को मनरेगा के कार्यों में नियोजित करें। संबल योजना के अंतर्गत जो श्रमिक भौतिक सत्यापन के लिये शेष रह गये हैं, उनका भौतिक सत्यापन पूर्ण करें। आगामी 3 माह के लिये खुले भवन संनिर्माण कर्मकार मंडल के पोर्टल पर सभी प्रवासी श्रमिकों को पंजीकृत करायें और उन्हें कार्यों में नियोजित करें। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के अंतर्गत प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के 12 सितंबर के आयोजित गृह प्रवेश कार्यक्रम में पंजीयन बढ़ाकर अधिक से अधिक व्यक्तियों को इस कार्यक्रम को देखने के लिये प्रेरित करें।
Share this:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

यह भी देखें