प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के 1.75 लाख हितग्राहियों का गृह प्रवेशम 12 सितम्बर को

कटनी  प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी और प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान 12 सितम्बर को प्रातः 11 बजे प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण के अन्तर्गत प्रदेश के एक लाख 75 हजार हितग्राहियों के बन चुके आवासों में डिजीटल गृह प्रवेश करायेंगे। कार्यक्रम में वर्चुअल आधार पर हितग्राही वेबकास्ट के माध्यम से जुड़ेंगे। गृह प्रवेशम कार्यक्रम का सीधा प्रसारण फेसबुक, ट्विटर के साथ-साथ क्षेत्रीय चैनल एवं रेडियो पर भी किया जायेगा।

            मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत जगदीश चन्द्र गोमे ने कार्यक्रम को आमजनों द्वारा वेबलिंक के माध्यम से लाईव देखे जाने एवं व्यवस्था की मॉनीटरिंग के लिये जिलास्तर और जनपद पंचायत स्तर पर कन्ट्रोल रुम गठित कर अधिकारियों, कर्मचारियों की ड्यूटी जनपदवार लगाई है। जनपद पंचायत स्तरीय कन्ट्रोल रुम में खण्ड पंचायत अधिकारी और जिलास्तरीय कन्ट्रोल रुम में जिला प्रबंधक ई-गवर्नेन्स सौरभ नामदेव को प्रभारी बनाया गया है। कन्ट्रोल रुम 12 सितम्बर को प्रातः 9.30 बजे से कार्यक्रम सम्पन्न होने तक क्रियाशील रहेंगे।

कटनी जिले में 4109 नवनिर्मित आवासों में होगा गृह प्रवेश

            कटनी जिले में कोविड-19 की लॉकडाउन से लेकर अब तक की अवधि में प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) योजना में कुल 4109 आवास पूर्ण किये गये हैं। जिनमें 4109 हितग्राही परिवारों को एक साथ डिजिटल गृह प्रवेश कराया जायेगा।

            मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत जगदीश चन्द्र गोमे ने बताया कि कोरोना महामारी अवधि में बने इन आवासों से बड़े पैमाने पर श्रमिक वर्ग और प्रवासी मजदूरों को काम मिला और स्थानीय निवासियों के साथ प्रवासी श्रमिकों के लिये भी आवास सुविधा उपलब्ध हुई है। कटनी जिले में लॉकडाउन की अवधि में अब तक प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण में 4109 आवास पूर्ण किये गये हैं। जिनमें जनपद पंचायत कटनी में 569, विजयराघवगढ़ में 326, रीठी में 422, बड़वारा में 1240, ढीमरखेड़ा में 781 और बहोरीबंद में 771 प्रधानमंत्री आवास पूर्ण किये गये हैं। इन सभी नवनिर्मित आवासों में समारोह पूर्वक डिजिटल प्रवेश हितग्राही परिवारों को कराया जायेगा।

Share this:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

यह भी देखें